■ महाराष्ट्र एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड की बड़ी कार्रवाई.
मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

महाराष्ट्र एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कोंकण स्क्वॉड ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु में चल रही तीन अवैध एमडी (मेफेड्रोन) फैक्ट्रियों का पर्दाफाश कर उन्हें नष्ट कर दिया है। इस कार्रवाई में करीब 56 करोड़ रुपये मूल्य का एमडी ड्रग्स और उससे जुड़ी मशीनरी व केमिकल जब्त किए गए हैं। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।


पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर को नवी मुंबई के वाशी गांव में पुणे–मुंबई हाईवे के पास स्थित पुराने बस डिपो क्षेत्र से अब्दुल कादर राशिद शेख को गिरफ्तार कर उसके पास से 1 किलो 488 ग्राम मेफेड्रोन, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 48 लाख 80 हजार रुपये है, जब्त किया गया था। इस संबंध में वाशी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।


जांच के दौरान खुलासा हुआ कि यह मादक पदार्थ बेलगाम निवासी प्रशांत यल्लप्पा पाटिल द्वारा तैयार किया गया था। आगे की जांच में पता चला कि पाटिल बेंगलुरु में तीन अलग-अलग फैक्ट्रियों में एमडी का निर्माण करवा रहा था।इसके बाद एएनटीएफ की टीम ने बेंगलुरु में छापेमारी कर सूरज रमेश यादव और मलखान रामलाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल करते हुए बेंगलुरु के एनजी गोलाहली इलाके के स्पंदना लेआउट कॉलोनी में स्थित ‘आरजे इवेंट’ नामक फैक्ट्री, तथा यारपनहली कन्नूर के एक रिहायशी इलाके में बने घर का खुलासा किया।
पुलिस ने इन तीनों स्थानों पर छापेमारी कर 4 किलो 100 ग्राम ठोस एमडी और 17 किलो लिक्विड एमडी, कुल 21 किलो 400 ग्राम मादक पदार्थ, इसके अलावा एमडी बनाने की मशीनरी और विभिन्न रासायनिक पदार्थ जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 55 करोड़ 88 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। तीनों स्थानों पर चल रही अवैध ड्रग फैक्ट्रियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन फैक्ट्रियों में तैयार की गई ड्रग्स को भारत के कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था। साथ ही, आरोपियों ने ड्रग्स की कमाई से बेंगलुरु में बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट में निवेश किया था।फिलहाल इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच आगे भी जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।


