मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के भांडुप पूर्व इलाके में एक 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में कांजूरमार्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर 2026 को भांडुप पूर्व के चामुंडा नगर नाले के पास करीब 50 वर्षीय एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे और उसके आसपास खून के धब्बे भी पाए गए थे।


घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।इस घटना के बाद कांजूरमार्ग पुलिस स्टेशन में अपराध रजिस्टर नंबर 542/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया गया।पुलिस ने मृत महिला की पहचान करने और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान इस हत्याकांड में शामिल होने के संदेह में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।


