■ मनोनीत होने के इच्छुकों में भागदौड़ शुरू।
कृष्ण गोपाल सिंह/मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र सरकार विधि विभाग द्वारा 90 नगरसेवकों की भिवंडी मनपा में 5 की जगह अब 10 मनोनीत नगरसेवक नामित किए जाने की मंजूरी प्रदान की गई है।नगरसेवक मनोनीत होने की चाह रखने वाले धनाढ्य, पार्टी वफादार और रसूखदार लोग राजनीतिक दलों से संपर्क साधकर आर्थिक लेनदेन के दम पर भिवंडी मनपा में पहुंचने की जुगाड में जुटे हैं।


गौरतलब हो कि, महाराष्ट्र सरकार विधि विभाग द्वारा 2023 में मनोनीत सदस्यों से संबंधित जारी सर्कुलर के अनुसार,चुनाव में जीते हुए नगरसेवकों की संख्या के अनुसार 10% तक मनोनीत सदस्यों को मनपा में नामित किया जा सकता है जो किसी भी हालत में 10% से कदापि अधिक नहीं होना चाहिए।महाराष्ट्र विधि विभाग द्वारा मनोनीत सदस्यों के मनोनयन हेतु सुधारित आदेश के तहत 90 नगरसेवकों की भिवंडी मनपा में अब 9 नगरसेवक राजनीतिक दलों द्वारा संख्या बल के आधार पर नामित किए जा सकते हैं।
गौरतलब हो कि, 90 नगरसेवकों की भिवंडी मनपा में पहले 5 मनोनीत नगरसेवक होते थे.मनपा चुनाव में कांग्रेस 30,भाजपा 22, शिंदे शिवसेना 12,एनसीपी शरद पवार 12, सपा 6,कोणार्क विकास आघाड़ी 4,भिवंडी विकास मंच 3 और अपक्ष 1चुनाव जीतकर आए हैं।भिवंडी मनपा महापौर पद सर्वसाधारण घोषित हुआ है.महापौर बनाए जाने की खातिर कांग्रेस और भाजपा अन्य सहयोगियों के सहयोग से अपनी चुनावी बिसात बिछाकर मनपा सत्ता पर काबिज होने की तैयारी में हैं।मनोनीत होने वाले गणमान्य नगरसेवक भी पैसे की झोली लिए राजनैतिक दलों के आकाओं के पीछे घूमने लगे हैं।
आगामी दिनों में देखना बेहद दिलचस्प होगा कि,भिवंडी मनपा सदन में कौन पार्टी से किस रसूखदार,दमदार व्यक्ति को मनोनीत नगरसेवक होने का सौभाग्य हासिल होगा. शहरवासियों को आशा है कि,राजनीतिक दल शिक्षित,स्वच्छ छवि और जनसमस्याओं की बेहतर समझ रखने वालों को ही मनोनीत सदस्य बनाएगें।


