कृष्ण गोपाल सिंह/मुंबई वार्ता

ठाणे पुलिस आयुक्त कार्यालय की अपराध शाखा अंतर्गत अनैतिक मानव तस्करी रोकथाम प्रकोष्ठ ने वेश्यावृत्ति के धंधे में दलाली कर आर्थिक लाभ कमाने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान 40 वर्षीय मुशर्रत अंसार मिर्जा के रूप में हुई है, जो मुंबई के सांताक्रुज की निवासी है। कार्रवाई के दौरान दो पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया गया है, जबकि तीन अन्य महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जनवरी को अनैतिक मानव तस्करी रोकथाम प्रकोष्ठ को गुप्त सूचना मिली थी कि भिवंडी तालुका के गोवे नाका स्थित होटल संदीप वेजेस में वेश्यावृत्ति का धंधा संचालित किया जा रहा है, जहां एक महिला दलाल पीड़ित महिलाओं का शोषण कर उनसे आर्थिक लाभ अर्जित कर रही है।सूचना के आधार पर पुलिस ने दोपहर करीब 3:30 बजे उक्त होटल पर छापा मारा।
इस दौरान मौके से मुशर्रत अंसार मिर्जा को गिरफ्तार किया गया तथा उसकी हिरासत से 36 और 33 वर्ष की दो पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कोनगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।


