मुंबई वार्ता संवाददाता

महानगर गैस कंपनी के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक करने और बैंक खातों से रकम निकालने वाले तीन आरोपियों को कांदिवली पुलिस ने गुजरात के सूरत जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर ठगी की ₹6,24,518 की रकम बरामद की है। पुलिस की प्रेस नोट में बरामद रकम को करीब ₹6.25 लाख बताया गया है।


पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को शिकायतकर्ता को अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन आया। फोन करने वालों ने गैस रीडिंग अपलोड करना बाकी होने की बात कही और उनके मोबाइल पर महानगर गैस कंपनी के नाम से एक APK फाइल भेजी। इसे डाउनलोड करने के लिए कहने के बाद आरोपियों ने मोबाइल को हैक कर लिया और शिकायतकर्ता के HDFC बैंक खाते से ₹2,07,401 की ऑनलाइन ठगी कर ली।इसी तरह 7 मई 2026 को एक अन्य शिकायतकर्ता को फोन कर महानगर गैस की गैस रीडिंग के लिए ₹12 भुगतान करने को कहा गया। इसके बाद मोबाइल पर APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड कराया गया। मोबाइल हैक करने के बाद HDFC बैंक के बचत खाते से ₹4,17,117 निकाल लिए गए।
दोनों मामलों की जांच कांदिवली पुलिस थाने की साइबर सेल ने तकनीकी तरीके से शुरू की। जांच में सामने आया कि उर्विशकुमार राजेशभाई पटेल, जनिकुमार प्रदीपभाई पटेल और अंकितकुमार संजयभाई पटेल ने कथित तौर पर बजाज फिनसर्व से गोल्ड लोन लिया था। ठगी की रकम का इस्तेमाल उन्होंने अपने गोल्ड लोन की किस्त/बकाया चुकाने के लिए किया और इसके बाद गिरवी रखे सोने के आभूषण वापस हासिल कर लिए।
तकनीकी जांच के आधार पर कांदिवली पुलिस की टीम ने आरोपियों को ओलपाड, जिला सूरत, गुजरात से हिरासत में लेकर दोनों मामलों में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से ठगी की ₹6,24,518 की रकम जब्त की है।दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त मनोजकुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अभिनव देशमुख (अतिरिक्त कार्यभार), पुलिस उपायुक्त संदीप घुगे और सहायक पुलिस आयुक्त संतोष धनवटे के मार्गदर्शन में की गई। कांदिवली पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवडे की प्रत्यक्ष देखरेख में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


