■ दादर मेट्रो स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने की प्रक्रिया विधानसभा सत्र में होगी पूरी; इंदू मिल स्थित डॉ. आंबेडकर स्मारक के लिए अतिरिक्त निधि की कमी नहीं होने देंगे: मुख्यमंत्री देवेन्द्र।
मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस की तैयारियों को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में गुरुवार को मुंबई स्थित विधान भवन में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने 6 दिसंबर को चैत्यभूमि पर डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए देशभर से आने वाले लाखों अनुयायियों की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए व्यापक एवं समन्वित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में अनुयायी चैत्यभूमि पहुंचते हैं। हर वर्ष बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध सुविधाओं में सुधार किया जाना चाहिए। पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर सामने आई कमियों को दूर करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी), पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और अन्य सरकारी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश दिए गए।


■ चैत्यभूमि परिसर में धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों पर प्रतिबंध की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस पर आने वाले अनुयायियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए चैत्यभूमि परिसर में धरना, प्रदर्शन, मोर्चे और आंदोलन पर आधिकारिक रूप से प्रतिबंध लगाने के संबंध में गृह विभाग आवश्यक कार्रवाई करे। परिसर में शांतिपूर्ण, अनुशासित और श्रद्धापूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस तथा प्रशासन विशेष सतर्कता बरतें।
■ यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना
अनुयायियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑटोरिक्शा के प्रवेश की सीमा निर्धारित करने, श्रद्धालुओं के आगे के सफर के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुचारु रखने की पूर्व नियोजित व्यवस्था होनी चाहिए। रेलवे, सड़क परिवहन, स्थानीय परिवहन और पुलिस विभाग मिलकर योजना तैयार करें, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।इसके अलावा राज्यभर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की सभी प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण करने के पूर्व घोषित निर्णय की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस काम में कहां अड़चन आ रही है, इसकी जांच कर अगले पांच से सात दिनों में आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए।
■ महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्सवी कार्यक्रम नहीं होंगे
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस की गंभीरता और पवित्रता बनाए रखना आवश्यक है। यह शोक और श्रद्धांजलि का दिन है, इसलिए इस अवसर पर उत्सव जैसा आयोजन नहीं किया जाना चाहिए। इसके बजाय अनुयायियों के लिए डॉ. आंबेडकर के जीवन पर आधारित फिल्में दिखाने अथवा उनके विचारों से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
■ इंदू मिल स्मारक के लिए अतिरिक्त निधि उपलब्ध कराएगी सरकार
मुंबई के इंदू मिल परिसर में निर्माणाधीन डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक के शेष कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्मारक का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, लेकिन मुख्य प्रतिमा के निर्माण से संबंधित कुछ कार्य अभी लंबित हैं। निर्माण लागत में वृद्धि होने पर भी सरकार अतिरिक्त खर्च की भरपाई करने के लिए तैयार है। शेष कार्य तेजी से पूरा कराने के लिए अगले सप्ताह एक अलग बैठक आयोजित कर लंबित मुद्दों का समाधान किया जाएगा।
■ दादर मेट्रो स्टेशन का नाम होगा ‘चैत्यभूमि’
दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ रखने की मांग पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस प्रस्ताव को पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है और केंद्र सरकार को इस संबंध में पत्र भी भेजा गया है। हालांकि, इस प्रक्रिया के लिए विधानमंडल की समिति से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया के बारे में केंद्र सरकार से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। अब आगामी विधिमंडल अधिवेशन के दौरान जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद स्टेशन का नामकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों को गंभीरता से लिया गया है। सरकार का दायित्व है कि देशभर से आने वाले डॉ. आंबेडकर के अनुयायियों को सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष महापरिनिर्वाण दिवस का आयोजन व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
इस बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, राज्यमंत्री योगेश कदम, विधायक संजय बनसोडे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


