■ बीजेपी 137 और शिंदे गुट की शिवसेना 90 सीटों पर लड़ेगी चुनाव.
मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे का अंतिम फार्मूला तय कर लिया है। सोमवार, 29 दिसंबर को हुई बातचीत के बाद गठबंधन में शामिल भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना के बीच 227 सीटों पर सहमति बन गई है। इसके तहत भाजपा 137 सीटों पर जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष/अमित भास्कर साटम (Ameet Bhaskar Satam) ने सोमवार शाम इस समझौते की जानकारी देते हुए कहा कि महायुति के भीतर सीटों को लेकर चल रही सभी चर्चाएं समाप्त हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पहले 207 सीटों पर सहमति बनी थी और अब शेष सीटों सहित कुल 227 सीटों पर अंतिम निर्णय ले लिया गया है।
साटम ने यह भी स्पष्ट किया कि महायुति के अन्य सहयोगी दलों को भी इस फार्मूले में शामिल किया जाएगा और आने वाले दिनों में सभी दल संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार करेंगे।


इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सोशल मीडिया पर सीट बंटवारे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मुंबई में भाजपा-शिवसेना महायुति के बीच सीट आवंटन को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसमें भाजपा 137 और शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुंबई के विकास के लिए किए गए कार्यों को जनता अच्छी तरह जानती है और इसी विश्वास के साथ मुंबईकर महायुति के पक्ष में भारी बहुमत से मतदान करेंगे।
शिवसेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, महायुति के उम्मीदवार मंगलवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी में हैं। वहीं, महायुति का एक अन्य सहयोगी दल—उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी)—इस बार अपनी अलग रणनीति के तहत BMC चुनाव अलग से लड़ रही है। अजित पवार गुट ने पहले ही 64 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 29 नगरपालिकाओं के चुनाव, जिनमें मुंबई की BMC भी शामिल है, 15 जनवरी 2026 को कराए जाएंगे। मतगणना और नतीजों की घोषणा 16 जनवरी 2026 को होगी।


