● यात्री कृपया ध्यान दें-तंबाकू से थम जाएगी जीवन की गाड़ी
● ब्रह्माकुमारी मालाड पश्चिम केंद्र का ‘नुक्कड़ नाटक’ से पहल
वरिष्ठ संवाददाता/मुंबई वार्ता

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मालाड पश्चिम केंद्र के संयोजन में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। वर्ल्ड नो टोबैको डे के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज मालाड द्वारा पश्चिमी मुंबई के मालाड पश्चिम स्टेशन के सामने नुक्कड़ नाटक से लोगों को तंबाकू और तंबाकू से निर्मित किसी भी वस्तु का सेवन न करने की सीख दी।


आते जाते यात्रियों को रेलवे की उद्घोषणा की तर्ज पर कहा गया-यात्री कृपया ध्यान दें, तंबाकू का किसी भी प्रकार से सेवन न करें वर्ना जीवन की गाड़ी थम जाएगी। मालाड स्टेशन से प्रतिदिन लाखों यात्रियों का आना जाना रहता है। इसको ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में नशा मुक्ति का आयोजन किया गया।
केंद्र के ब्रह्माकुमार संजय पोरवाल ने बताया कि हजारों लोकल यात्रियों ने रूककर नशा मुक्ति नाटक को देखा और समझा। इसमें उनको सात दिवसीय निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन कोर्स के बारे में बताया गया। साथ ही बताया गया कि मेडिटेशन के अभ्यास से तंबाकू, शराब आदि दुर्व्यसनों, बीमारियों व तनाव से मुक्त हुआ जा सकता है। बड़ी संख्या में लोगों ने कोर्स के लिए अपना नाम रजिस्टर करवाया।
सप्ताह भर चलने वाले अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि अभिनेता जितेंद्र भारद्वाज व बीके नीरजा बहन, मनीषा बहन, स्वाति बहन, सन्ध्या बहन आदि ने किया।एलसीडी पर लघु फिल्मों का प्रदर्शन इस अभियान के तहत स्टेशन परिसर में एलसीडी द्वारा मेडिटेशन के फायदे और नशा मुक्त नाटिका दिखाई जा रही है, साथ में पर्चे बांटकर नशीले पदार्थों के नुकसान व छोड़ने की प्रेरणा दी जा रही है।
‘यात्री कृपया ध्यान दें’ के माध्यम से राजयोग मेडिटेशन चित्र प्रदर्शनी व व्यसन मुक्ति की चित्र प्रदर्शनी रखी गई है। जिसका लोग लाभ ले रहे हैं। नशा मुक्ति स्लोगन व प्ले कार्ड द्वारा संदेश पहुंचाया जा रहा है कि राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से नशे से मुक्त हो सकते हैं।


