मुंबई अग्निशमन दल के ‘सिल्वरमैन’ अनिल परब और मिलिंद डोंडे सेवानिवृत्त, भायखला मुख्यालय में भव्य विदाई समारोह।

Date:

■ 1992 में महाराष्ट्र अग्निशमन सेवा में हुए थे शामिल; बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने दी शुभकामनाएं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने गणेश प्रतिमा और पुष्पगुच्छ देकर किया सम्मानित।


मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबईकरों को आग, बाढ़, चक्रवात, भूकंप, तूफान, सुनामी और अतिवृष्टि जैसी प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले मुंबई अग्निशमन दल के दो कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी अनिल वसुंधरा परब और मिलिंद डोंडे शुक्रवार को लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए।


महाराष्ट्र अग्निशमन सेवा में वर्ष 1992 में शामिल हुए और ‘सिल्वरमैन’ के नाम से पहचाने जाने वाले उप प्रमुख अग्निशमन अधिकारी (डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर) अनिल वसुंधरा परब तथा सहायक विभागीय अग्निशमन अधिकारी (एडीएफओ) मिलिंद डोंडे की सेवानिवृत्ति के अवसर पर भायखला स्थित मुंबई अग्निशमन दल के क्षेत्रीय मुख्यालय में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।


दोनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान मुंबई शहर की सुरक्षा के लिए तत्परता, सूझबूझ, साहस, समय पर निर्णय लेने की क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया। विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में उन्होंने जिस जिम्मेदारी और नेतृत्व का परिचय दिया, उसे अग्निशमन दल में हमेशा याद किया जाएगा।


इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने भी दोनों अधिकारियों की लंबी और समर्पित सेवाओं की सराहना की। उन्होंने महानगरपालिका की ओर से उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।


भायखला अग्निशमन मुख्यालय में आयोजित समारोह में मुंबई के प्रमुख अग्निशमन अधिकारी रवींद्र गोदावरी नारायण आंबुलगेकर ने अनिल परब और मिलिंद डोंडे को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों के सेवाकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए मुंबई की सुरक्षा में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।


समारोह में मुंबई के विभिन्न क्षेत्रीय अग्निशमन केंद्रों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सहकर्मियों ने दोनों अधिकारियों के साथ काम करने के दौरान की यादें साझा कीं और उन्हें भावुक माहौल में विदाई दी।


मुंबईकरों के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा समर्पित करने वाले अनिल परब और मिलिंद डोंडे की सेवाएं मुंबई अग्निशमन दल के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

सरकारी छात्रावासों की बदहाल सुविधाओं पर अभाविप सख्त, प्रशासन को 11 दिनों का अल्टीमेटम।

■ पेयजल, लिफ्ट, साफ-सफाई, भोजन और वाई-फाई जैसी समस्याओं...