मुंबई और MMR में CNG हुई महंगी, 1.50 रुपये प्रति किलो बढ़े दाम; अब 91.50 रुपये में मिलेगी गैस।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र में पुणे के बाद अब मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में भी सीएनजी (CNG) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने शनिवार को सीएनजी के दाम में 1.50 रुपये प्रति किलो की वृद्धि करने की घोषणा की। नई दरें रविवार, 15 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी की कीमत बढ़कर 91.50 रुपये प्रति किलो हो जाएगी।

सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के साथ-साथ निजी वाहनों में सीएनजी का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर भी पड़ेगा। वाहन चालकों का ईंधन पर होने वाला मासिक खर्च अब और बढ़ जाएगा।11 महीने में 11 रुपये प्रति किलो महंगी हुई CNGइस साल जनवरी की शुरुआत में मुंबई में सीएनजी की कीमत 80.50 रुपये प्रति किलो थी। ताजा बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 91.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। यानी जनवरी से अब तक सीएनजी के दाम में कुल 11 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हो चुकी है। इस तरह 11 महीने से भी कम समय में सीएनजी करीब 14 प्रतिशत महंगी हो गई है।

■ क्यों बढ़ाए गए सीएनजी के दाम?

महानगर गैस लिमिटेड के अनुसार, प्राकृतिक गैस की खरीद लागत में बढ़ोतरी के कारण सीएनजी की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कंपनी ने इसके पीछे मध्य पूर्व में जारी संकट, घरेलू गैस आवंटन में कमी और महंगी आयातित गैस पर बढ़ती निर्भरता को प्रमुख वजह बताया है।

कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों से जुड़ी आयातित री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) की हिस्सेदारी बढ़ने से गैस की खरीद लागत पर दबाव पड़ा है। इसके अलावा सीएनजी की मजबूत मांग भी लागत बढ़ने की एक प्रमुख वजह है।

MGL का कहना है कि कीमतों में 1.50 रुपये प्रति किलो की ताजा बढ़ोतरी से गैस की बढ़ती खरीद लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे कंपनी को सीएनजी की निरंतर और स्थिर आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

■ इस साल आठ बार बढ़ाए गए सीएनजी के दाम

महानगर गैस लिमिटेड ने इस साल अब तक आठ बार सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की है। जनवरी में 80.50 रुपये प्रति किलो से शुरू हुई कीमत अब बढ़कर 91.50 रुपये प्रति किलो हो गई है।कंपनी ने यह भी कहा है कि वह गैस की खरीद लागत कम करने के विकल्पों पर काम कर रही है, ताकि ग्राहकों को राहत दी जा सके और स्वच्छ ईंधन के रूप में प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा सके।

सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही इस वृद्धि से मुंबई और आसपास के इलाकों में ऑटो रिक्शा, टैक्सी तथा निजी सीएनजी वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related