मुंबई वार्ता संवाददाता

कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर एचडीआईएल इमारत में मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह आग लगने से नौ लोग घायल हो गए। आग के कारण इमारत में धुआं फैल गया, जिससे आठ लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई। वहीं, एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है। सभी नौ घायलों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।


बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुंबई अग्निशमन दल (एमएफबी) के नियंत्रण कक्ष को सुबह 6 बजकर 53 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। यह घटना कुर्ला पश्चिम में कोहिनूर स्कूल के पास स्थित कोहिनूर एचडीआईएल की इमारत संख्या 5 में हुई। यह इमारत भूतल और उसके ऊपर 12 मंजिलों वाली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग इमारत की बिजली की तारों, विद्युत डक्ट में लगे बिजली के उपकरणों और विभिन्न मंजिलों पर स्थित लोहे के दरवाजों तक सीमित थी। आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी के वार्ड कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और सुबह 7 बजकर 21 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद स्थिति का जायजा लिया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
■ धुएं से आठ लोगों का दम घुटा
बीएमसी के अग्निशमन दल से मिली जानकारी के अनुसार, आग के दौरान फैले धुएं के कारण आठ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। घायलों में ईशान अहमद (30), मोहम्मद शेख (5), फरिना बोनो (27), एजाज अहमद (65), फरिन शेख (18), नाइदया शेख (14), कलीमा साहा (45) और अलीना शेख (17) शामिल हैं।इसके अलावा, जाहेद अली शेख (55) के दाहिने पैर में चोट आई है। सभी नौ घायलों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के संबंधित चिकित्सा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है।आग लगने की घटना के बाद अग्निशमन दल और संबंधित एजेंसियों ने आवश्यक कार्रवाई की। सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर जारी अद्यतन जानकारी में घायलों की स्थिति स्थिर बताई गई। आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।


