मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई के गिरगांव स्थित एक होटल में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में मराठी फिल्म उद्योग की एक प्रमुख अभिनेत्री और बंगाली व बॉलीवुड फिल्मों में छोटे किरदार निभा चुकी दूसरी अभिनेत्री को रेस्क्यू किया गया। मामले में एक सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट को कथित दलाल के रूप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में देह व्यापार का संगठित रैकेट संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक (डिकॉय कस्टमर) भेजा। अवैध गतिविधि की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारकर कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार मेकअप आर्टिस्ट मनोरंजन जगत के कई कलाकारों के साथ काम कर चुका है और कथित तौर पर महिलाओं तथा ग्राहकों के बीच संपर्क स्थापित करने का काम करता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट के तार मुंबई के अन्य होटलों और मनोरंजन उद्योग से जुड़े लोगों तक फैले हुए हैं या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रेस्क्यू की गई महिलाओं को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और परामर्श के लिए संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने अभिनेत्री या अन्य पीड़ित महिलाओं की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। मामले की आगे की जांच जारी है।


