■ ठाणे में छह साल की बच्ची की रेबीज से मौत के बाद बढ़ी चिंता, कैटेगरी-3 के मरीजों को तत्काल टीका और रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन देना जरूरी।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ठाणे में दिसंबर 2025 में छह साल की एक बच्ची की रेबीज से मौत हो गई थी। बच्ची को एक महीने से अधिक समय पहले एक आवारा कुत्ते ने काटा था। इस घटना ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि कुत्ते के काटने या खरोंच लगने जैसी मामूली दिखने वाली चोट भी जानलेवा साबित हो सकती है।


इस बीच अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच मुंबई के चार प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में कुत्तों के काटने के कुल 16,719 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 6,080 मामले कैटेगरी-3 के थे, जो कुल मामलों का लगभग 36 प्रतिशत हैं। कैटेगरी-3 को रेबीज संक्रमण के लिहाज से सबसे गंभीर श्रेणी माना जाता है।
अस्पतालों के आंकड़ों के अनुसार, सायन स्थित लोकमान्य तिलक महानगरपालिका सामान्य अस्पताल में कुत्तों के काटने के सबसे अधिक 8,339 मामले सामने आए। इनमें 2,080 मरीज कैटेगरी-3 के थे। केईएम अस्पताल में 4,984 मामले दर्ज किए गए, जबकि जेजे अस्पताल में 2,274 और नायर अस्पताल में 1,122 मरीज कुत्तों के काटने के बाद उपचार के लिए पहुंचे।
जेजे अस्पताल के आंकड़े विशेष रूप से ध्यान देने योग्य हैं। यहां कुत्तों के काटने के कुल 2,274 मामलों में से 1,924 मामले कैटेगरी-3 के थे। यानी अस्पताल में आए लगभग 85 प्रतिशत मरीज इसी गंभीर श्रेणी में शामिल थे। वहीं, केईएम अस्पताल में कैटेगरी-3 के 1,576 और नायर अस्पताल में 500 मामले दर्ज किए गए।
■ खरोंच से भी हो सकता है रेबीज का खतरा
स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार ने बताया कि यदि कुत्ते या किसी अन्य जानवर के काटने अथवा खरोंच से त्वचा कट जाती है और खून निकलता है, तो उसे कैटेगरी-3 एक्सपोजर माना जाता है। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कैटेगरी-3 के मामलों में तुरंत एंटी-रेबीज टीकाकरण और जहां आवश्यक हो, रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन (आरआईजी) देना जरूरी होता है। हालांकि, यदि किसी जानवर की लार केवल साबुत त्वचा के संपर्क में आती है और त्वचा पर कोई कट या घाव नहीं है, तो उससे रेबीज संक्रमण नहीं होता।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैटेगरी-3 के मरीजों को रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन दिया जाना चाहिए। यह काफी महंगा होता है और कई जगहों पर आसानी से उपलब्ध नहीं होता। संभवतः इसी वजह से ऐसे मरीजों को मेडिकल कॉलेजों से जुड़े बड़े अस्पतालों में भेजा जाता है।आरआईजी की उपलब्धता पर भी उठे सवालस्वास्थ्य कार्यकर्ता चेतन कोठारी ने अस्पतालों में रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि कैटेगरी-3 के ऐसे मरीज, जिन्हें पहले रेबीज का टीका नहीं लगा है, उनके लिए आरआईजी की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है।कोठारी ने मांग की है कि अस्पतालों के स्टॉक रजिस्टर की जांच की जानी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि प्रत्येक पात्र मरीज को निर्धारित उपचार के अनुसार रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन मिला या नहीं।
उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेजों और बड़े सरकारी अस्पतालों में भी कभी-कभी इस दवा की कमी हो जाती है।गौरतलब है कि रेबीज वायरस केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है। एक बार बीमारी के लक्षण विकसित हो जाने के बाद यह लगभग हमेशा जानलेवा साबित होती है।
हालांकि, जानवर के काटने के तुरंत बाद निर्धारित चिकित्सा उपचार, टीकाकरण और जरूरत के अनुसार इम्युनोग्लोबुलिन देने से इस बीमारी को रोका जा सकता है। ऐसे में कुत्ते के काटने या त्वचा को नुकसान पहुंचाने वाली खरोंच को नजरअंदाज करना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।


