श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव 2026 संपन्न हो चुका है। आज मतगणना के दौरान विभिन्न पार्टियों के समर्थक अपने पसंदीदा उम्मीदवार और राजनीतिक दल की जीत के प्रति आश्वस्त हैं। टीवी चैनलों और मीडिया विशेषज्ञों ने मनपा में विजयी होनेवाले राजनीतिक दलों का अनुमान लगाया है। इसी बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म चैट जीपीटी, जैमिनी एआई और परप्लेक्सिटी के विश्लेषणात्मक अनुमानों में महायुति को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।


तीनों एआई टूल्स ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रम, संगठनात्मक मजबूती, सत्ता में मौजूदगी, शहरी विकास परियोजनाओं और पिछले चुनावी रुझानों के आधार पर संभावित तस्वीर पेश की है। हालांकि ये आकलन अनुमानात्मक हैं और वास्तविक परिणाम मतदाताओं के निर्णय पर निर्भर करेंगे।
एआई अनुमानों के अनुसार भाजपा–शिवसेना (शिंदे) महायुति बीएमसी में सबसे बड़ा गठबंधन बनकर उभर सकता है। अनुमान है कि महायुति को 110 से 135 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को इसमें प्रमुख हिस्सेदारी मिलने की संभावना जताई गई है जबकि शिंदे गुट की शिवसेना को कुछ इलाकों में संगठित वोट का लाभ मिल सकता है।
शिवसेना (उबाठा)-मनसे को एआई विश्लेषणों में लगभग 70 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी का पारंपरिक मराठी मतदाता आधार कुछ वार्डों में मजबूती बनाए रख सकता है, लेकिन गठबंधन समीकरणों की कमी चुनौती बन सकती है।कांग्रेस को 10 से 16 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस (दोनों धड़े मिलाकर) को 10 से 20 सीटों के बीच सीमित रहने की संभावना बताई गई है।
केवल मनसे की बात करें तो एआई के अनुसार मनसे के खाते में लगभग 10 सीटें आने का अनुमान है, खासकर कुछ मराठी बहुल इलाकों में।
महापौर पद को लेकर एआई प्लेटफॉर्म्स का साझा संकेत है कि यदि ये अनुमान सही रहे तो महायुति का महापौर बनने की प्रबल संभावना है। भाजपा या शिंदे गुट की शिवसेना में से किसी एक को यह पद मिल सकता है, जो चुनाव पश्चात सीटों के अनुपात और आपसी सहमति पर निर्भर करेगा।एक ही प्रश्न जब तीनों एआई से पूछा गया तो तीनों के जवाब आए लेकिन थोड़े अलग-अलग।
चैट जीपीटी का अनुमान है कि महायुति को 115 से 135 सीटें मिल सकती हैं जबकि गूगल जेमिनी एआई के अनुसार महायुति को 95 से 115 सीटें मिल सकती हैं और परप्लेक्सिटी के अनुसार 120 से 136 सीटों का अनुमान है।वहीं ठाकरे बंधुओं को चैट जीपीटी 55 से 70, जैमिनी एआई 70 से 80 और परप्लेक्सिटी 70 से 82 अनुमानित सीटें दे रहा है।


