■ नायगांव स्टेशन पर हमले में हाथ गंवाने वाली युवती को रेलवे दे पर्याप्त आर्थिक सहायता, इलाज का पूरा खर्च उठाए और आरोपी को मिले कड़ी सजा; रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल।
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई को महिलाओं के लिए सुरक्षित शहर माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। अब महिलाएं लोकल ट्रेन और रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षित नहीं हैं। नायगांव रेलवे स्टेशन पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने और उसे रेलवे पटरी पर फेंकने की घटना ने मुंबई की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी गंभीर घटना के बावजूद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां क्या कर रही थीं? क्या वे सो रही थीं? यह सवाल मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड ने उठाया है।


भारतीय जनता पार्टी और महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए वर्षा गायकवाड ने कहा कि मुंबई की लोकल ट्रेन को शहर की जीवनरेखा कहा जाता है, लेकिन अब यही जीवनरेखा मौत की पटरी बनती जा रही है। लोकल ट्रेन के डिब्बे में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दूसरी घटना में रेलवे स्टेशन के सामने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। इसके अलावा महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।


उन्होंने कहा कि रेलवे के डिब्बों और स्टेशनों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था दिखाई नहीं देती। जब कोई बड़ी घटना होती है, तभी सरकार और प्रशासन जागते हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
■ हमले में युवती का कोहनी से काटना पड़ा हाथ
सांसद वर्षा गायकवाड ने नायगांव रेलवे स्टेशन पर हमले का शिकार हुई युवती के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इस घटना में युवती को अपना एक हाथ कोहनी से गंवाना पड़ा है। रेलवे प्रशासन को पीड़िता को पर्याप्त आर्थिक सहायता देनी चाहिए और उसके इलाज का पूरा खर्च उठाना चाहिए। साथ ही आरोपी हमलावर को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात भी नहीं सुनतेवर्षा गायकवाड ने कहा कि मुंबई की उपनगरीय रेलवे सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठकें की गई हैं और पत्राचार भी हुआ है। इसके बावजूद अधिकारियों के कामकाज में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बातों को भी गंभीरता से नहीं लेते, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने मांग की कि मुंबईकरों की समस्याओं की अनदेखी करने वाले लापरवाह और कामचोर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सरकार और रेलवे प्रशासन को मुंबईकरों की सुरक्षा तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
सांसद वर्षा गायकवाड ने कहा कि मुंबई की सुरक्षा और नागरिकों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सरकार से लगातार जवाब मांगती रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।


