■ नाहुर पश्चिम के नालंदा बुद्ध विहार हॉल में आयोजित हुआ था विवाह समारोह; उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद मची अफरा-तफरी, कैटरर्स पर लापरवाही का आरोप।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के भांडुप-नाहुर इलाके में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब शादी का खाना खाने के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत करीब 70 से 100 मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 31 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। बीमार लोगों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 1 नवंबर 2026 को नाहुर पश्चिम स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में लगभग 400 से 500 मेहमान शामिल हुए थे। समारोह के दौरान भोजन की अंतिम पंगत में खाना खाने वाले लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही समय में कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद बीमार मेहमानों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी विभाग-3) अभय सिंह देशमुख के अनुसार, शादी समारोह में शामिल लगभग 70 से 100 लोगों ने भोजन करने के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की शिकायत की। इनमें से 22 लोगों को मुलुंड स्थित एमटी अग्रवाल महानगरपालिका अस्पताल, चार बच्चों को मुलुंड के कामगार अस्पताल और पांच अन्य लोगों को विक्रोली के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी का उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर है।
■ दूल्हा-दुल्हन भी अस्पताल पहुंचे
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शादी के कुछ ही घंटों बाद नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन को भी अस्पताल पहुंचना पड़ा। शादी में शामिल रिश्तेदारों के मुताबिक, मेहमानों ने शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच भोजन किया था। घर लौटने के बाद रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। सबसे पहले दुल्हन की तबीयत बिगड़ने की बात भी सामने आई है।
■ कैटरर्स पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग
बीमार लोगों के परिजनों ने शादी में भोजन की व्यवस्था करने वाले कैटरर्स और खाद्य सामग्री आपूर्ति करने वालों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं थी और इसी वजह से इतनी बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए। उन्होंने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे और मुंबई पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।परिजनों ने शादी समारोह स्थल का प्रबंधन करने वाली समिति की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि जांच में कैटरर्स की लापरवाही सामने आती है तो उनका लाइसेंस रद्द करने सहित कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।हालांकि, अभी तक लोगों के बीमार पड़ने का वास्तविक कारण आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुआ है। भोजन में किसी तरह की मिलावट या दूषित खाद्य सामग्री होने की आशंका की जांच की जानी बाकी है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।


