■ डॉ. युनुस सोलंकी और डॉ. ऋजुता दुबे को धन्वन्तरी पुरस्कार, डॉ. कमलेश कुमार चोपड़ा को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान; डॉ. श्यामसुंदर शर्मा की पुस्तक ‘सरल श्रीमद्भगवद्गीता-चिरायु गीता’ का हुआ लोकार्पण।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई वैद्य सभा की ओर से आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों के सम्मान में वार्षिक धन्वन्तरी पुरस्कार समारोह का आयोजन रविवार, 22 नवंबर 2026 को विले पार्ले स्थित होटल पार्ले इंटरनेशनल में भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित चिकित्सक, विशेषज्ञ और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध एवं सम्मानित वैद्या डॉ. अरुणा प्रकाश कुबल ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शिवानी प्रभु द्वारा प्रस्तुत मधुर धन्वन्तरी स्तवन से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. अरुणा कुबल, संस्था के अध्यक्ष डॉ. श्यामसुंदर शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शर्मा, डॉ. तेजस मौन, डॉ. किरण किनी तथा पुरस्कार प्राप्त चिकित्सकों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।इस वर्ष धन्वन्तरी पुरस्कार से डॉ. युनुस सोलंकी और डॉ. ऋजुता ओमप्रकाश दुबे को सम्मानित किया गया। दोनों चिकित्सकों को स्मृतिपत्र, स्मृतिचिह्न, श्रीफल और शॉल प्रदान किए गए। वहीं, आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान के लिए डॉ. कमलेश कुमार चोपड़ा को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया।



मुंबई वैद्य सभा की वर्षों तक सेवा करने वाले स्वर्गीय वैद्यराज दीनानाथ उपाध्याय की स्मृति में स्थापित विशेष पुरस्कार डॉ. महेश हारित को आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष डॉ. श्यामसुंदर शर्मा ने युवा और अनुभवी चिकित्सकों से मिलकर आयुर्वेद चिकित्सा को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोगियों और चिकित्सा से संबंधित आंकड़ों का व्यवस्थित संकलन करके ही वर्तमान दौर में आयुर्वेद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने इस दिशा में ठोस प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया। पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शर्मा ने संस्था की विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की जानकारी दी।आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मुंबई वैद्य सभा ने श्री धूतपापेश्वर आयुर्वेद विद्यालय समिति के सहयोग से मुंबई और आसपास के आयुर्वेदिक महाविद्यालयों के बीएएमएस पाठ्यक्रम के टॉपर्स को 11-11 हजार रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
अतिथियों और पुरस्कार प्राप्त चिकित्सकों ने अपने संबोधन में आयुर्वेद चिकित्सा के महत्व, उसकी उपयोगिता और समाज में इसकी बढ़ती आवश्यकता पर विचार रखे।समारोह में डॉ. ओमप्रकाश दुबे और डॉ. ताथेड़ की विशेष उपस्थिति रही। डॉ. अंजु चेटिया, डॉ. शिल्पा धोखा, डॉ. सोनाली मुळ्ये, डॉ. निनाद मुळ्ये और डॉ. वसंत वल्लेपवार ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. गार्गी ठाकुर ने किया।
समारोह को सफल बनाने में संस्था की महिला विंग की अध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा बिडये के साथ डॉ. एम. पी. शाह, डॉ. विनीत मिश्रा, डॉ. राजेश्वरी बुच, डॉ. अनिल मोरे और डॉ. सरिता पासी का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण संस्था अध्यक्ष डॉ. श्यामसुंदर शर्मा द्वारा रचित पुस्तक ‘सरल श्रीमद्भगवद्गीता-चिरायु गीता’ का लोकार्पण रहा। डॉ. विनोद मेहता ने पुस्तक का आकर्षक परिचय प्रस्तुत किया।
समारोह के अंत में स्वादिष्ट भोजन तथा चाय-कॉफी और कुकीज की व्यवस्था की भी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। मुंबई वैद्य सभा ने इस आयोजन के माध्यम से आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी के आयुर्वेद चिकित्सकों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।


