■ दमकल ने घोषित किया लेवल-1.
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के लालबाग इलाके में गुरुवार, 19 नवंबर को एक इमारत की 10वीं मंजिल पर आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना लालबाग की चिवड़ा गली स्थित पूनम बिल्डिंग में हुई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अग्निशमन दल को सुबह 10 बजकर 16 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।


प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पूनम बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर लगी थी। यह इमारत भूतल सहित 10 मंजिल की है। दमकल विभाग ने सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर आग को लेवल-1 घोषित किया। आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान का तत्काल पता नहीं चल पाया है।आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने तीन फायर इंजन, एक फायर टैंकर, दो जंबो टैंकर, एक हाई राइज फायर फाइटिंग वाहन, एक ब्रीदिंग अपरेटस वैन, एक टर्न टेबल लैडर, एक एडवांस्ड लाइट पंप और एक अन्य विशेष अग्निशमन वाहन सहित कुल नौ संसाधनों को तैनात किया। इसके अलावा 108 एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई।
घटनास्थल पर मुंबई अग्निशमन दल के अलावा पुलिस, बीएमसी के संबंधित वार्ड कर्मचारी और बेस्ट के कर्मचारी भी तैनात किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल विभाग की ओर से आग से संबंधित विस्तृत जानकारी और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


