■ समाजवादी पार्टी, AIMIM, NCP, BJP और शिवसेना के पदाधिकारियों का कांग्रेस में प्रवेश.
मुंबई वार्ता संवाददाता

कांग्रेस पार्टी सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। विविधता में एकता बनाए रखने का काम कांग्रेस करती आई है। दूसरी ओर भाजपा की राजनीति तोड़फोड़ की है, जो जाति-धर्म के नाम पर समाज में फूट डालकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम करती है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को ऐतिहासिक सफलता मिली, नगरपालिका चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन हुआ, धुले से शोभाताई बच्चाव को लोकसभा में भेजा गया। अब धुले महानगरपालिका में कांग्रेस को एकतरफा सत्ता देने की अपील महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल धुले में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।


उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कांग्रेस के नेतृत्व में देश एकजुट हुआ। लाखों लोगों ने त्याग और बलिदान दिया, वही विरासत कांग्रेस के पास है। जब देश स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ रहा था, तब भाजपा के पूर्वज अंग्रेजों के साथ थे।


भारत छोड़ो आंदोलन में उनका कोई योगदान नहीं था। जनसंघ ने जिन्ना की मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन कर उपमुख्यमंत्री पद भी भोगा था। यह देश सभी का है, किसी एक वर्ग का नहीं। जिनका स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं रहा, वे आज सत्ता में हैं, ऐसा सपकाल ने कहा।
हर्षवर्धन सपकाल ने आगे कहा कि देवेंद्र फडणवीस ने लोकतंत्र, सभ्यता, परंपरा और संस्कृति की हत्या की है, इसलिए मैंने उन्हें “जल्लाद” कहा और अपने ही शब्द याद न रहने के कारण “गजनी” कहा।
उन्होंने विदर्भ अलग हुए बिना शादी न करने की शपथ ली थी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से कभी गठबंधन न करने की बात कही थी, अजित पवार को “चक्की पिसिंग” कराने की भाषा इस्तेमाल की थी, लेकिन आज उन्हें सब कुछ भूल गया है। उन्होंने ‘लाडकी बहन’ को 2100 रुपये देने और किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन इनमें से कुछ भी पूरा नहीं किया। नरेंद्र मोदी से भी ज्यादा झूठे वादे देवेंद्र फडणवीस करते हैं, ऐसा भी सपकाल ने कहा।
● भाजपा, शिवसेना, सपा और AIMIM के कई नेताओं का कांग्रेस में प्रवेश.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की उपस्थिति में धुले के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया। इनमें समाजवादी पार्टी के लगातार तीन बार निर्वाचित नगरसेवक अमीन पटेल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता व पूर्व उपमहापौर हाजी शव्वाल अंसारी, परवेज शेख, अजहर पठान, AIMIM के गनी डॉलर, जुनेद पठान, शिवसेना के प्रेम सोनार तथा भाजपा के मुर्तुजा अंसारी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। हर्षवर्धन सपकाल ने सभी का कांग्रेस में स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. शोभाताई बच्चाव, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भाई नगराळे, राजाराम पानगव्हाणे, धुले कांग्रेस अध्यक्ष साबीर शेख, जावेद फारुखी, धुले ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रविणबापू चौरे, डॉ. दरबारसिंह गिरासे सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


