मुंबई वार्ता संवाददाता

ठाणे जिले के शाहपुर तालुका में भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। खारदी स्थित वन मंडल कार्यालय में तैनात मंडल वन अधिकारी भगवान जयराम भोइर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।जानकारी के अनुसार आरोपी अधिकारी ने मालवाहक ट्रकों के परिवहन की अनुमति देने के बदले घूस मांगी थी।


शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि उसके और सहयोगियों के छह ट्रकों के लिए वन विभाग से अनुमति के नाम पर प्रति ट्रक 75 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। कुल रकम 4 लाख 50 हजार रुपये थी, लेकिन बाद में सौदा घटाकर 2 लाख 10 हजार रुपये तय किया गया।एसीबी ने शिकायत की सत्यता जांची और आरोप सही पाए जाने पर 9 जनवरी को जाल बिछाया। खारदी-वाडा रोड के चंदन पार्क के सामने जैसे ही भोइर ने 2 लाख 10 हजार रुपये स्वीकार किए, एसीबी टीम ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में वन रक्षक नितेश हुकुमचंद राठौड़ की भूमिका भी उजागर हुई है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ शाहपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने की सूचना तुरंत दी जाए। शिकायत टोल फ्री नंबर या ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती है।


