■ ए.टी.एस. कर रही है जांच.
श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र के बीड जिले के गेवराई शहर में ‘गाज़ा पट्टी’ और ‘फिलिस्तीन’ के लोगों की मदद के नाम पर फर्जी तरीके से चंदा इकट्ठा किया गया। इस मामले में शाहरुख उर्फ छोटे मियां कुरेशी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी ने ‘हिमायत फाउंडेशन’ नामक एक संस्था के माध्यम से जनता की सहानुभूति हासिल कर लाखों रुपये एकत्र किए, लेकिन यह धन किसी आधिकारिक संस्था के खाते में न जाकर, सीधे उसके निजी बैंक खातों में जमा हुआ है।आरोपी शाहरुख उर्फ छोटू मिया कुरेशी ने हिमायत फाउंडेशन का नाम लेकर QR कोड के जरिए पैसा इकट्ठा किया, जबकि इस संस्था के पास विदेशों में सामाजिक कार्य करने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।


एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को जैसे ही इस गतिविधि की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
इस ठगी में कई स्थानीय नागरिकों से लाखों रुपये वसूले गए, जोकि मदद के लिए नहीं बल्कि आरोपी के निजी हितों के लिए उपयोग में लाए गए। यह केवल एक आर्थिक धोखाधड़ी नहीं, बल्कि इससे जुड़ी देश की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
वर्तमान में पुलिस और ATS मिलकर इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है ? या इसके पीछे आतंकवादी संगठनों का कोई हाथ तो नहीं है।


