मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के संताक्रूज़ वेस्ट इलाके में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक घरेलू सहायिका की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। संताक्रूज़ पुलिस ने इस मामले में मृतका की 35 वर्षीय महिला साथी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह वारदात आरोपी के घर पर हुई।


पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रेशमा के रूप में हुई है, जो संताक्रूज़ वेस्ट की रहने वाली थी। वहीं आरोपी की पहचान कामता उर्फ प्रीति के तौर पर हुई है, जो उसी इलाके में रहती है। दोनों महिलाएं घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच निजी संबंध थे।
एफआईआर के मुताबिक बुधवार रात करीब 11.30 बजे से 12 बजे के बीच आरोपी के घर पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया गया है कि आरोपी ने मृतका से किसी अन्य व्यक्ति से मिलने को लेकर सवाल किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर कामता ने कथित तौर पर रेशमा के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही संताक्रूज़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या की सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 22 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।


