■ फ्लैट खरीदारों और बिल्डर प्रतिनिधि संग पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी की सार्थक हुई संयुक्त बैठक- “मैं पूरा कराकर छोड़ूंगा अटके हुए प्रोजेक्ट का काम” – गोपाल शेट्टी।
मुंबई वार्ता संवाददाता

उत्तर मुम्बई लोकसभा क्ष्रेत्र के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने रिहायशी इमारत ‘आरएनए एक्जोटिका’ प्रोजेक्ट के फ्लैट ख़रीदारों और बिल्डर के प्रतिनिधि संग संयुक्त बैठक कर खरीदारों की समस्या का निदान करने और फ्लैट खरीदारों को उनका फ्लैट दिलाने की दिशा में सार्थक पहल की है। यह इमारत राम मंदिर स्टेशन के पास में स्थित है। इस संयुक्त बैठक में लगभग 150 फ्लैट खरीदार व बिल्डर की कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


फ्लैट खरीदारों में से एक निखिल दक्षिणी ने बताया कि 320 फ्लैटों का यह प्रोजेक्ट वर्ष 2009-10 में शुरू हुआ था, लेकिन अब तक अधूरा पड़ा है। खासतौर पर वर्ष 2018 से निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप सा है। फ्लैट खरीदारों को 2010 में बुकिंग के समय कहा गया था कि 2013 तक उन्हें उनके फ्लैट का कब्ज़ा (पजेशन) मिल जाएगा। अधिकांश खरीदारों ने फ्लैट की क़ीमत का लगभग 75% भुगतान भी कर दिया। पर इमारत अधूरी ही रही, और ये विवाद न्यायालय पहुंच गया ।
अंत में करीब एक माह पहले फ्लैट खरीदारों ने जनसेवक गोपाल शेट्टी से इस मामले में मदद करने की गुहार लगाई थी। शेट्टी तेजी से काम, नागरिकों को सुविधा दिलाने के लिए हर प्रयास करने और जनहित के लिए हर प्रकार का संघर्ष करने के लिए जाने जाते हैं। शिकायत मिलते ही जनसेवक शेट्टी एक्शन में आ गए और इस मामले में रुचि दिखाते हुए उन्होंने तुरंत प्रोजेक्ट साइट का दौरा किया।
उन्होंने बिल्डर के साथ बैठक करके मुद्दे को उठाया था। बिल्डर के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब हुई संयुक्त बैठक में बताया कि जनसेवक गोपाल शेट्टी के प्रयास के उपरांत प्रमोटर ने पूरी तरह सहयोग करने का आश्वासन भी दिया था। जिसके बाद यह संयुक्त बैठक हुई है। जनसेवक गोपाल शेट्टी ने यह भी जानकारी दी है कि इस साइट पर विघ्नहर्ता श्री गणेश जी के आगमन यानी गणेशोत्सव तक लगभग रुका हुआ काम फिर से शुरू हो जाएगा। फ्लैट धारकों को जल्द ही उनका फ्लैट मिल जाएगा। इस अटके हुए प्रोजेक्ट का काम मैं पूरा कराकर छोड़ूंगा ।


