■ पूर्व मंत्री नसीम खान ने 8 सितम्बर को ईद-ए-मिलाद की छुट्टी घोषित करने की मांग की।
मुंबई वार्ता संवाददाता

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य मो. आरिफ (नसीम) खान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे और श्री अजित पवार को पत्र लिखकर मांग की है कि 8 सितम्बर को ईद-ए-मिलाद की सार्वजनिक छुट्टी घोषित की जाए।


अपने पत्र में नसीम खान ने लिखा है कि इस वर्ष मुस्लिम समाज का पवित्र त्योहार ईद-ए-मिलाद (पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन) और हिन्दू समाज का अनंत चतुर्दशी ये दोनों पर्व एक के बाद एक आ रहे हैं। राज्य में आपसी भाईचारा और हिन्दू–मुस्लिम एकता बनाए रखने के लिए मुंबई की विभिन्न मुस्लिम संस्थाओं की बैठक ऑल इंडिया खिलाफत कमेटी के अंतर्गत आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर निकाली जाने वाली जुलूस, जो पहले 5 सितम्बर को प्रस्तावित थी, अब 8 सितम्बर को निकाली जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य यह है कि दोनों धर्मों के पवित्र पर्व प्रेम और सद्भाव के साथ मनाए जा सकें।


पिछले वर्ष भी दोनों समुदायों के त्योहार पास–पास आने के कारण ईद-ए-मिलाद की जुलूस आगे बढ़ाई गई थी। उस समय भी नसीम खान ने तत्कालीन मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर जुलूस वाले दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की थी। उनकी मांग पर राज्य सरकार ने जुलूस के दिन छुट्टी घोषित की थी।
इस वर्ष भी चूँकि स्थिति समान है, इसलिए नसीम खान ने पुनः मुख्यमंत्री तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों को लिखित पत्र द्वारा 8 सितम्बर को जुलूस के दिन ईद-ए-मिलाद की सार्वजनिक छुट्टी घोषित करने की मांग की है।


