मुंबई (सं. भा.) सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘आशीर्वाद’ का 55वां हिंदी महोत्सव और 32वां राजभाषा पुरस्कार समारोह भारतीय प्रबंधन संस्थान, मुंबई के सहयोग से 27 सितंबर को भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. नंदलाल पाठक, अभिनेता सुरेन्द्र पाल, आईआईएम मुंबई के निदेशक प्रो. मनोज कुमार तिवारी और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत की।

समारोह में ‘अतुल्य भारत’ विषय पर परिचर्चा के साथ शर्मिष्ठा बसु द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर ‘राजभाषा रत्न’, ‘राजभाषा गौरव’, ‘प्रेरणा’ सहित विभिन्न पुरस्कार वितरित किए गए। संगीत जगत के श्रद्धेय कुलदीप सिंह को ‘आशीर्वाद रत्न’ से सम्मानित किया गया। साथ ही, प्रख्यात अभिनेता सुरेन्द्र पाल, नृत्यांगना थारा वर्मा, हरित ऋषि विजय बघेल और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।


