- आशीष शेलार और अमरजीत मिश्र हुए सम्मानित
मुंबई (सं. भा.) मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार और उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र के निरंतर प्रयासों के बाद मुंबई से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के लिए दो नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है। मुंबई के बांद्रा और कुर्ला टर्मिनस से हरी झंडी दिखाकर इन ट्रेनों को रवाना किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भी शामिल हुए, साथ ही मुरादाबाद, रामपुर, और कोडरमा जैसे क्षेत्रों के निवासियों को इस नई सौगात का लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुंबई से उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों के लिए ट्रेन सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार और उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र के प्रयासों से दो नई साप्ताहिक ट्रेनों की शुरुआत की गई। पहली ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से मुरादाबाद होते हुए उत्तराखंड के लालकुँआ तक और दूसरी कुर्ला टर्मिनस से बिहार के गया के लिए हजारीबाग और कोडरमा होते हुए चलाई गई है।

रविवार को बांद्रा टर्मिनस से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, आशीष शेलार और अमरजीत मिश्र उपस्थित थे। वहीं, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोडरमा से ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। यह ट्रेन मुंबई में रहने वाले मुरादाबाद, रामपुर, रुद्रपुर और मथुरा के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है।
अमरजीत मिश्र ने अपने वक्तव्य में पश्चिम यूपी, कुमाऊं और बिहार के निवासियों की सुविधा के लिए इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने पर आशीष शेलार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के अमरोहा, गाजियाबाद, मथुरा, मुरादाबाद और हापुड़ जैसे जिलों के लोगों को इस सेवा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, बिहार के गया और कोडरमा क्षेत्रों के निवासियों को भी इस नई ट्रेन सेवा से राहत मिलेगी, जहां अब तक सीमित ट्रेन सेवाएं उपलब्ध थीं। मिश्र ने कहा कि कोडरमा के श्रमिक जो मुंबई में बड़ी संख्या में रहते हैं, उन्हें इस नई सेवा से बहुत लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड प्रकोष्ठ भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र सिंह गोसाई और मुरादाबाद के शकील भाई कुरैशी ने आशीष शेलार और अमरजीत मिश्र का सम्मान शाल और पुष्पगुच्छ देकर किया।


