मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

एक जमाना था कि मुंबई मनपा द्वारा संचालित के.एम , नायर , सायन, अस्पताल में देश के अन्य राज्यों से मरीज इलाज के लिए आते थे लेकिन आज उन्हीं मनपा अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। मनपा के नायर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक सप्ताह से हार्ट का ऑपरेशन बंद है। इससे सर्जरी का इंतजार कर रहे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


सूत्रों से पता चला है कि ठेकेदार द्वारा सर्जरी के लिए उपयोग में आने वाले जरूरी सर्जिकल उपकरण की आपूर्ति नहीं की जा रही है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने यह कदम उसके बकाया रकम के भुगतान न होने पर उठाया है।
ज्ञात हो कि नायर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में मरीजों के लिए 1800 बेड हैं। दक्षिण मुंबई स्थित इस अस्पताल में रोजाना इलाज के लिए ओपीडी में साढ़े तीन हजार के करीब मरीज आते हैं। मुंबई कांग्रेस स्वयं रोजगार विभाग के महासचिव डॉक्टर सत्तार खान ने बताया कि मुंबई मनपा का सालाना बजट देश के अन्य कई छोटे राज्यों के बराबर है.उसके बाद भी नायर अस्पताल में आए दिन चिकित्सा सुविधाओं की कमी के बारे में शिकायतें आती रहती हैं। पिछले एक सप्ताह से इस अस्पताल में हार्ट की सर्जरी बंद है जो की दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉक्टर सत्तार खान ने मुंबई मनपा आयुक्त से नायर अस्पताल में हार्ट की सर्जरी जल्द से शुरू कराने की मांग की है।


