राजन बलसाने / मुंबई वार्ता
कल्याण शहर को क्लीन सिटी बनाने के लिए केडीएमसी आयुक्त डॉ. इंदु रानी जाखड़ के निर्देशन में पिछले माह से रात्रि के समय 10 बजे से प्रातः 3 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
यह विशेष सफाई अभियान 4 पावर स्वीपिंग मशीन और 200 कर्मचारियों की सहायता से चलाया जा रहा है। रात में सफाई करने और सुबह में मनपा के सफाई कर्मचारियों द्वारा कूड़ा उठाने की योजना बनाई गई है।
मनपा के अतिरिक्त आयुक्त हर्षल गायकवाड़ ने बताया कि प्रत्येक पावर स्वीपिंग मशीन के पीछे 50 कर्मचारियों की टीम रखकर सफाई की जा रही है। इन पावर स्वीपिंग मशीनों की धूल संग्रहण क्षमता लगभग 3 टन है। मशीन द्वारा सड़क से धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव भी किया जाता है. साथ ही सड़क के डिवाइडरों को धोने के लिए हाई प्रेशर जेट स्प्रे की व्यवस्था भी की गई है।सड़क से धूल और मिट्टी को सक्शन सिस्टम द्वारा अवशोषित किया जाता है और मशीन के पिछले टैंक में एकत्र किया जाता है। इस मशीन को केंद्र सरकार के ‘राष्ट्रीय स्वच्छ वायु’ कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत खरीदा गया है। उक्त पावर स्वीपिंग मशीन सीएनजी पर चलती है, इसलिए धुएं से होने वाले प्रदूषण से बचा जा सकता है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग के उपायुक्त अतुल पाटिल ने बताया है कि कल्याण शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए यह गतिविधि क्रियान्वित की जा रही है।


