सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

पश्चिम रेल्व की सतर्कता टीम ने हाल ही में रेलवे पार्सल परिवहन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा बढ़ाने के एक ठोस प्रयास के दौरान मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर लाल चंदन की तस्करी का पता लगाया।
एक विशेष जांच के दौरान ट्रेन द्वारा ले जाए जा रहे लाल चंदन की लकड़ी की तस्कारी का पता लगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई ट्रेन संख्या 12956 जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लीज़ पार्सल वैन पर केंद्रित थी। इस निरीक्षण के दौरान चार संदिग्ध पैकेज पाए गए और गहन जांच करने पर पैकेजों में लाल चंदन की लकड़ी के 15 लट्ठे पाए गए, जिनका वजन लगभग 93 किलोग्राम था। पहचान से बचने के लिए इस खेप को वैध पार्सल बुकिंग के तहत गलत तरीके से घोषित किया गया था। माल प्राप्तकर्ता को पकड़ लिया गया और अवैध माल के साथ-साथ अपराधी को आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया।
लाल चंदन एक अत्यधिक मूल्यवान वस्तु है, जिसकी व्यापारिक गतिविधियों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रतिबंध है। इस अधिनियम को भारत सरकार ने वन्यजीवों और उनके आवासों की रक्षा के लिए लागू किया था, ताकि देश की पारिस्थितिकी और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विनीत ने बताया कि रेलवे संसाधनों के किसी भी तरह के दुरुपयोग को गैरकानूनी गतिविधियों के लिए रोकने हेतु सतर्कता और सुरक्षा जांच की जाती है और इसे और भी तेज किया जाएगा। यात्रियों और हितधारकों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और रेल परिवहन में सुरक्षा और अखंडता बनाए रखने में मदद करने के लिए रेल अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें.


