मुंबई वार्ता संवाददाता
अश्विन नगर में पुलिस ने अमेरिकी नागरिकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर एक महिला समेत 7 लोगों को बीएनएस और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया।
इसके अलावा पुलिस ने 12 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन, एक सर्वर और 47,600 रुपये की नकदी जब्त किया है। आरोपियों को 18 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया, जबकि दो आरोपी फरार हैं। पुलिस को कॉल सेंटर के बारे में 28 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एक बंगले से संचालित हो रहे कॉल सेंटर पर पुलिस ने गुरुवार को छापा मारा। आरोपी अमेरिकी नागरिकों को कंप्यूटर वायरस के बारे में फर्जी सूचनाएं भेजते थे। इस दौरान वे खुद को अधिकृत सॉफ्टवेयर फर्मों के कर्मचारी के रूप में पेश करते थे। इसके बाद आरोपी उन्हें सुधार के लिए भुगतान हेतु गिफ्ट वाउचर खरीदने के लिए कहते थे।


