● मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस की सूझबूझ से विवाद टला.
मुंबई वार्ता संवाददाता
मीरा रोड पर बने 876 मीटर लंबे फ्लाईओवर के उद्घाटन को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच एक बार फिर खिंचतान सामने आई है. महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक (शिवसेना) और भाजपा नेता नरेंद्र मेहता अपनी-अपनी पार्टी के नेताओं से इस पुल का उद्घाटन कराने की होड़ में जुटे हैं. हालाकि मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने सूझबूझ दिखाते हुए उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उद्घाटन करवाने का इशारा दिया है.
मीरा-भायंदर रोड पर स्थित है, यह फ्लाईओवर सरनाईक (ओवला-माजीवाड़ा) और मेहता (मीरा-भायंदर) के विधानसभा को जोड़ता है. इस हफ्ते की शुरुआत में, विधायक मेहता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उद्घाटन करवाने की इच्छा जाहिर की थी. इसके तुरंत बाद विधायक सरनाईक ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम और उद्घाटन की तारीख की घोषणा कर दी.
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा, “मैंने ठेकेदार और एमएमआरडीए को 7 मार्च तक शेष कार्य पूरा करने की समय सीमा दी है। उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा शनिवार को किया जाएगा। इसी दिन सुंदर नगर के पास एक फुटओवर ब्रिज के भूमि पूजन का भी कार्यक्रम होगा, जिसकी स्थानीय लोगों ने मांग की थी।”
सरनाईक से जब पूछा गया कि भाजपा की ओर से उद्घाटन के लिए फडणवीस का नाम क्यों लिया जा रहा है, तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया था, “लेकिन उन्होंने शिंदे को उद्घाटन करने को कहा है, क्योंकि शिंदे एमएमआरडीए के अध्यक्ष भी हैं। उसी दिन शिंदे और सुप्रीम कोर्ट के जज अभय ओक मीरा-भायंदर सिविल कोर्ट भवन का उद्घाटन करने वाले हैं। जनता को असुविधा न हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर का उद्घाटन भी उसी दिन किया जा सकता है।”


