मुंबई वार्ता संवाददाता

सरकार ने पानीपत के “काला अंब” क्षेत्र में ‘मराठा शौर्य स्मारक’ बनाने का निर्णय लिया है। इस स्मारक के माध्यम से मराठा साम्राज्य के ऐतिहासिक पराक्रम को याद किया जाएगा और उनका सम्मान किया जाएगा, ऐसा सांस्कृतिक कार्य मंत्री ॲड. आशीष शेलार ने कहा।
मंत्री ॲड. शेलार ने बताया कि पानीपत की तीसरी लड़ाई की 354वीं वर्षगांठ के अवसर पर 14 जनवरी 2025 को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस स्मारक के निर्माण का आश्वासन दिया था। मराठा साम्राज्य ने 17वीं और 18वीं शताब्दी में भारत के विभिन्न हिस्सों में अपना वर्चस्व स्थापित किया था। उनके पराक्रम की गवाही देने वाले कई ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं.
उन्होंने कहा कि”काला अंब” स्मारक के विस्तार के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा और वहां छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, मराठा शौर्य का प्रतीक भव्य संग्रहालय, दृश्य-श्रव्य प्रदर्शनी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस परियोजना के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।इस परियोजना के लिए हरियाणा राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने हेतु प्रोटोकॉल और विपणन मंत्री जयकुमार रावल को समन्वयक नियुक्त किया गया है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल के माध्यम से की जाएगी, जबकि पर्यटन विभाग ‘नोडल’ एजेंसी के रूप में कार्य करेगा।
मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को उजागर करने के लिए आवश्यक उपक्रम चलाने हेतु पर्यटन मंत्री की अध्यक्षता में इतिहास विशेषज्ञों की एक समिति भी गठित की जाएगी। मंत्री ॲड. शेलार ने विश्वास व्यक्त किया कि इस स्मारक की स्थापना से मराठा शौर्य की विरासत संरक्षित होगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके महान इतिहास की जानकारी प्राप्त होगी।


