■ ठाणे के उल्हासनगर पांच गुना पैसा देने का लालच देकर ठगी.
मुंबई वार्ता/राजन बलसाने

ठाणे के उल्हासनगर में पांच गुना पैसा देने का लालच देकर ठगी करने वाले पांच युवकों को उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।


यह मामला 25 मार्च का है, जब रिक्षा चालक योगेश काशीनाथ चव्हाण , निवासी गणेश नगर, कल्याण पश्चिम से ठगी की गई थी।
आरोपियों ने पहले सौ और दो सौ रुपये के नोट देकर योगेश का विश्वास जीता और फिर एक लाख रुपये के बदले पांच लाख रुपये देने का लालच देकर ठगी को अंजाम दिया।
घटना के अनुसार, योगेश चव्हाण लाल चक्की रोड पर सीएनजी पंप के पास खड़ा था। तभी आरोपी प्रशांत, गणेश दुर्गे, वीरेंद्र बाल्मीकि, नरेश गायकवाड़ और गौतम सोनी ने उसे पांच लाख रुपये देने का लालच देकर बातचीत शुरू की। उन्होंने पहले सौ और दो सौ रुपये के नोट देकर विश्वास में लिया और योगेश से एक लाख रुपये ले लिए।
शिकायत के आधार पर विठ्ठलवाडी पुलिस और उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोली के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीरंग गोसावी, अशोक पवार, योगेश वाघ, राजेन्द्र थोरवे, मंगेश जाधव, अशोक थोरवे, संजय और अविनाश पवार ने गुप्त सूचना के आधार पर सीएनजी पंप के पास जाल बिछाया। आरोपी जब वहां पहुंचे तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रशांत, गणेश दुर्गे, वीरेंद्र बाल्मीकि, नरेश गायकवाड़ और गौतम सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से ठगी के कुछ रुपये और मोबाइल भी बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई रिक्षा की तलाश जारी है।


