मुंबई वार्ता संवाददाता

पहलगाम हमले के विरोध में कांग्रेस का दादर में निषेध मोर्चा।मुंबई, 23 अप्रैल 2025जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस पार्टी ने दादर में मोर्चा निकाला।


यह हमला पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा किया गया है और ऐसे आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए आतंकवाद का हमेशा के लिए खात्मा किया जाना चाहिए, ऐसी मांग महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है।


प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय तिलक भवन में पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और उसके बाद मोर्चा निकाला गया।
“पाकिस्तान मुर्दाबाद”, “भारत माता की जय” जैसे नारों के साथ सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा किए गए इस हमले का जोरदार विरोध किया।
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि पहलगाम हमले को लेकर सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से निर्णय लेना चाहिए, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि देश इस तरह के किसी भी आतंकी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। इस कठिन समय में सभी भारतीयों को एकजुट होकर इस हमले की निंदा करनी चाहिए, ऐसा भी सपकाल ने कहा।
कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पहलगाम के आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मृत्यु हुई है, जिनमें महाराष्ट्र के तीन लोग शामिल हैं। इतना बड़ा हमला होने के बावजूद खुफिया विभाग को इसकी कोई जानकारी नहीं मिली? यह सुरक्षा एजेंसियों की विफलता है। पर्यटकों के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, सरकार क्या कर रही थी, इसका जवाब देना होगा और आतंकवादियों का खात्मा किया जाना चाहिए, ऐसा वडेट्टीवार ने कहा।
इस मोर्चे में प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विधानमंडल दल के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व सांसद हुसैन दलवाई, ओबीसी विभाग के प्रदेशाध्यक्ष भानुदास माली, प्रदेश महासचिव रमेश शेट्टी, श्रीरंग बरगे, प्रदेश सचिव जिशान अहमद, आनंद सिंह, धनराज राठौड़ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


