● झगड़ा बढ़ने पर दो परिवारों ने एक-दूसरे पर पीछे से किया हमला, ४ घायल
मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

रविवार रात मुंबई में ट्रिपल मर्डर हुआ। दो परिवारों के बीच पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि मारपीट में बदल गया। इसके बाद सभी पर चाकू और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया गया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक २०२२ में दहिसर के गणपत पाटिल नगर झुग्गी बस्ती में रहने वाले शेख और गुप्ता परिवार के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया गया था। तभी से इनके बीच रंजिश चल रही है। रविवार (१८ मई) शाम को गणपत पाटिल नगर गली नंबर १४ की सड़क पर राम नवल गुप्ता की नारियल बिक्री की दुकान के सामने हामिद शेख शराब के नशे में आया तो इनके बीच झगड़ा हो गया। दोनों ने अपने बच्चों को बुला लिया। गुप्ता, उनके बेटे अमर गुप्ता, अरविंद गुप्ता और अमित गुप्ता तथा हामिद नसीरुद्दीन शेख, उनके बेटे अरमान हमीद शेख और हसन हमीद शेख ने हथियारों और धारदार हथियारों से मारपीट की। इस मारपीट से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। नागरिक भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त सत्यनारायण चौधरी, पुलिस उपायुक्त आनंद भोइते मौके पर पहुंचे। हमले में राम नवल गुप्ता (५०) और अरविंद गुप्ता (२३) की मौत हो गई, जबकि अमर गुप्ता और अमित गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा हामिद शेख (४९) की मौत हो गई और उनके बेटे अरमान शेख और हसन शेख घायल हो गए।शवों को शताब्दी अस्पताल भेज दिया गया है। दोनों के खिलाफ क्रॉस मर्डर का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त आनंद भोइत ने बताया कि आरोपी के घायल होने के कारण गिरफ्तारी लंबित है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


