● महीने के पहले शनिवार 7 जून को सामूहिक वाचन
●लगातार 92 वें माह सजेगी झांकी, फूलों से होगा श्रृंगार
वरिष्ठ संवाददाता /मुंबई वार्ता

रामलीला प्रचार समिति एवं श्री शक्ति संघ के संयुक्त तत्वावधान में जून माह के पहले शनिवार, 7 जून को 92 वें सामूहिक संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
मालाड पश्चिम के एसवी रोड, सुंदर नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में शाम 8 बजे से होने वाले पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
श्री शक्ति संघ संस्था द्वारा पिछले 8 साल (4 नवंबर 2017) से हर महीने के प्रथम शनिवार को सामूहिक संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाता है।
इसकी शुरुआत जयकुमार गुप्ता ने की थी। वर्तमान में अनेक लोग मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। समिति से जुड़े बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पाठ में भाग लेते हैं। विश्व शांति एवं लोक कल्याण के उद्देश्य से आठ साल पहले समिति ने इस अभियान की शुरुआत की थी जो आज भी अनवरत जारी है।
रामलीला प्रचार समिति मालाड में पिछले 44 साल से रामलीला का भी आयोजन करती आ रही है। आयोजन समिति के अशोक गोयल ने बताया कि मालाड पश्चिम के एसवी रोड, सुंदर नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में प्रत्येक महीने के प्रथम शनिवार को शाम 8 बजे से संगीतमय सामूहिक 11 हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है।
जिसमें समिति से जुड़े लोग सपरिवार शामिल होते हैं। इसी कड़ी में जून के पहले शनिवार 7 जून को 11 हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। पाठ का समापन महाआरती के साथ किया जाएगा ताकि अनुष्ठान की पूर्णाहुति हो।


