मुंबई वार्ता संवाददाता

ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी खेती की जमीन पर घर बनाने की मिलने वाली अनुमति की तरह ही शहरी क्षेत्रों में विशेष रूप से ‘गोराई-मनोरी’ क्षेत्र में रहने वाले भूमिपुत्रों को भी यह सुविधा देने की मांग के साथ उत्तर मुम्बई के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री तथा गृह निर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखा है।


जनसेवक गोपाल शेट्टी ने पत्र में उल्लेख किया है कि अपनी खुद की जमीन पर घर बनाना हर नागरिक का मूलभूत अधिकार है और यह संवैधानिक रूप से भी मान्य है। लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि स्वतंत्रता के बाद लगभग ८० वर्ष बीत जाने के बावजूद भी कई लोगों को अपनी खुद की जमीन पर घर बनाने के लिए सरकार और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं द्वारा डाली जा रही अनावश्यक अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है।
गोपाल शेट्टी ने पत्र में आगे लिखा है कि मुंबई जैसे महानगर में, विशेष रूप से गोराई-मनोरी क्षेत्र के भूमिपुत्रों (मूल निवासियों) को आज भी अपनी खुद की निजी जमीन पर घर बनाने की अनुमति नहीं मिलती है। मुंबई महानगरपालिका के १९६२ के ‘डेटम लाईन’ निर्णय के कारण यह अन्याय लगातार जारी है, यानि १९६२ के बाद किसी को भी बिना परमिशन लिए घर बनाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, ऐसा आदेश लागू किया गया था।
महानगरपालिका की इस पुरानी और वास्तविकता को ध्यान में न रखने वाली नीति पर महाराष्ट्र सरकार से भी अभी तक कोई ध्यान नहीं मिला है, यह बहुत ही खेदजनक है।
उन्होंने पत्र में आगे उल्लेख किया है कि मैंने नगरसेवक के रूप में चुने जाने के बाद उस काल मे इस मुद्दे पर महानगरपालिका में आवाज उठाई थी। इसके बाद २००४ में महाराष्ट्र विधानसभा में विधायक के रूप में चुने जाने के बाद, ग्रामीण क्षेत्रों में खेती की जमीन पर घर बनाने संबंधी विधेयक को मंजूरी देते समय मैंने उस पर भी मजबूती से अपनी भूमिका रखी थी। उस दिन देर रात तक चली चर्चा में, अन्य सदस्यों की विनंती को स्वीकार करते हुए मैंने विषय को वापस ले लिया था और वह विधेयक पारित हो गया। लेकिन उस निर्णय का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र तक ही सीमित रहा, शहरी क्षेत्र के निवासियों को उससे कोई राहत नहीं मिली थी।
हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार, दो-तीन वर्ष पूर्व एक सुधार के माध्यम से ३००० वर्ग फुट तक की खेती की जमीन पर घर बनाने की अनुमति किसानों को दी गई है। लेकिन यह लाभ भी केवल ग्रामीण क्षेत्र तक ही सीमित है, जबकि शहरी क्षेत्र के भूमिपुत्र अभी भी अन्यायपूर्ण प्रतिबंधों के जाल में फंसे हुए हैं। वर्तमान में गोराई, मनोरी जैसे क्षेत्रों के भूमिपुत्रों (मूल निवासियों) को बड़े पैमाने पर नोटिस जारी की गई हैं। उन पर निष्कासन की यहां भयानक स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा ‘कमर्शियल’ उपयोग के नाम पर एक और बाधा खड़ी की जा रही है। विशेष रूप से १९९५ से १९९९ के दौरान, जब युती सरकार कार्यरत थी, माननीय प्रकाश मेहता ने गोराई-मनोरी क्षेत्र को ‘कमर्शियल टूरिज्म जोन’ घोषित किया था, लेकिन आज उन भूमिपुत्रों को कमर्शियल उपयोग के नाम पर परेशान किया जा रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस पृष्ठभूमि में, सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और आगामी जुलाई माह में होने वाले अधिवेशन के दौरान कानून में आवश्यक सुधार करना चाहिए, जिससे शहरी क्षेत्रों के मूल निवासियों, विशेष रूप से गोराई-मनोरी क्षेत्र के भूमिपुत्रों, को अपनी स्वयं की जमीन पर घर बनाने का अधिकार और उन्हें न्याय मिल सके। मीडिया से बात करते हुए पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने कहा किग्रामीण क्षेत्रों की तरह शहरी नागरिकों को भी अपनी जमीन पर मकान बनाने की सुविधा मिलनी चाहिए। अगर यह कानूनन अधिकार शहरी लोगों को मिलता है तो भ्रष्ट्राचार पर स्वमेव अंकुश लग सकता है।
महानगरपालिका के 1962 के बाद के अनुमति लेकर ही घर बनाने वाले नियम से सरकार को कोई फायदा नहीं हो रहा। यहां आर्किटेक्ट की फीस भी इतनी होती है कि अधिकृत रूप से अनुमति लेकर मकान बनाने की किसी की हिम्मत ही नहीं पड़ती है। यहीं दलालों और अधिकारियों का खेल भी शुरू होता है। ऐसे में बीएमसी की 1962 की डेटम लाइन को अगर 2011 तक कर दिया जाता है तब सारी समस्या ही खत्म हो जाएगी। इससे शुल्क भी मिलेगा और वह सरकारी खजाने में जायेगा।


