मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

मुंबई में दोस्त की बर्थडे पार्टी में गई बच्ची के साथ रेप की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मालवणी में १४ साल की पीड़िता के साथ दो लोगों द्वारा रेप किए जाने की घटना घटी है।


यह घटना तब सामने आई जब लड़की का अश्लील वीडियो उसकी मां को भेजा गया। इस मामले में मालवणी पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित लड़की को फरवरी में उसके सहपाठी ने बर्थडे पार्टी के लिए बुलाया था। इसके लिए पीड़ित लड़की उसके घर गई। लेकिन वहां कोई और नहीं था। उसकी सहेली किसी काम से घर से बाहर गई थी और २३ साल का एक युवक घर पर आया। उसने कहा कि वह बर्थडे पार्टी में आया है। फिर घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर उसने उसके साथ बलात्कार किया। उसने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बना लिया था।फिर उसने वीडियो अपने एक अन्य दोस्त को भेज दिया। दूसरे आरोपी ने इस वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
उसने धमकी दी कि अगर वह उसके साथ यौन संबंध नहीं बनाएगी तो वह अश्लील वीडियो वायरल कर देगा। इसलिए अप्रैल में पीड़िता उससे मिलने गई। वह पीड़िता को गोराई के एक लॉज में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। डेढ़ महीने की अवधि के दौरान दोनों आरोपियों ने उसे बार-बार धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।हालांकि, ६ जून को पीड़िता का अश्लील वीडियो उसकी मां को भेज दिया गया। तब घटना सामने आई।
इस मामले में मालवणी पुलिस ने बलात्कार के साथ-साथ अश्लील वीडियो वायरल करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने जांच की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में से एक २३ साल का है,और ओला ड्राइवर है। दूसरा आरोपी उसी इलाके में कुत्तों की देखभाल का काम करता है।आरोपी फिलहाल पुलिस की हिरासत में है और पूछताछ जारी है।
मालवणी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र नागरकर ने बताया कि हमने आरोपी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि जिस दोस्त के घर पर जन्मदिन की पार्टी हुई थी, उसकी भी मामले में संलिप्तता की जांच की जा रही है।


