■ प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल समेत वरिष्ठ नेता रहेंगे उपस्थित.
मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ७ और ८ अगस्त २०२५ को पार्टी के दादर स्थित मुख्यालय तिलक भवन में नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों के लिए एक आवासीय शिविर आयोजित किया गया है। यह दो दिवसीय शिविर प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित किया जा रहा है।


हर्षवर्धन सपकाल ने प्रदेशाध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद से संगठन को मजबूत करने को प्राथमिकता दी है। ४ जून २०२५ और २६ जून २०२५ को चयन समिति के समक्ष साक्षात्कार लेकर ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियाँ की गई थीं। राज्य के सभी ५५३ ब्लॉक अध्यक्षों के लिए शिविर आयोजित करने का निर्णय प्रदेशाध्यक्ष ने लिया है, जिसके पहले चरण में नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों का शिविर आयोजित किया जा रहा है।


इसके बाद क्रमशः सभी ब्लॉक अध्यक्षों के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।शिविर की शुरुआत ७ अगस्त की सुबह होगी और इसका समापन ८ अगस्त को दोपहर ४ बजे होगा। इस शिविर में कांग्रेस पार्टी के विचारों को जमीनी स्तर तक पहुँचाना, संगठन को मजबूत करना, आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव और राज्य के विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेता और विभिन्न क्षेत्रों के वक्ता मार्गदर्शन करेंगे।


