मुंबई वार्ता संवाददाता

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई यानी FWICE) ने फिल्म और टेलीविजन निर्माताओं तथा प्रोडक्शन हाउस को शूटिंग स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने और काम करने वाले सभी कर्मचारियों की पहचान एवं पृष्ठभूमि की पूरी जांच करने की सलाह दी है। संगठन का कहना है कि किसी भी अनजान या बिना सत्यापन वाले व्यक्ति को शूटिंग सेट तक पहुंचने से रोकना जरूरी है।


एफडब्ल्यूआईसीई ने अपनी सलाह में कहा है कि निर्माताओं को शूटिंग पर काम करने वाले कलाकारों, तकनीशियनों, सहायकों और अन्य कर्मचारियों के पहचान-पत्र, पेशेवर योग्यता तथा संबंधित संस्थाओं से उनके जुड़ाव की जांच करनी चाहिए। शूटिंग में शामिल सभी लोगों के नाम आधिकारिक कार्यसूची में दर्ज होने चाहिए, ताकि सेट पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का उचित रिकॉर्ड रखा जा सके।शूटिंग सेट पर प्रवेश नियंत्रण और सुरक्षा बढ़ाने पर जोरसंगठन ने प्रोडक्शन हाउस को शूटिंग स्थलों और स्टूडियो में प्रवेश व्यवस्था सख्त करने, सुरक्षा कर्मचारियों को सतर्क रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने की सलाह दी है। किसी भी संभावित खतरे या धमकी की जानकारी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को तुरंत देने पर भी जोर दिया गया है।
FWICE ने स्पष्ट किया है कि संगठन से संबद्ध यूनियनों की सदस्यता और पहचान का सत्यापन उपयोगी है, लेकिन इसे स्वतंत्र सुरक्षा जांच का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त जांच करना भी जरूरी है।18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई थी फायरिंगमुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर को एक फुटबॉल मैदान से निकलते समय अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संभावित आपराधिक संबंधों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद फिल्म जगत से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।इससे पहले फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर भी गोलीबारी की घटना हुई थी। वहीं, अभिनेता सलमान खान के खिलाफ धमकियों और उनके बांद्रा स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी ने भी फिल्म जगत की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है।
कलाकारों के साथ पूरे फिल्म दल की सुरक्षा जरूरीFWICE ने कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था केवल बड़े अभिनेताओं और प्रसिद्ध हस्तियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। निर्देशक, निर्माता, कलाकार, तकनीशियन, कर्मचारी और शूटिंग स्थल पर मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।संगठन ने फिल्म निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस और संबद्ध संस्थाओं से मिलकर काम करने की अपील की है, ताकि सुरक्षा नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
FWICE के अनुसार, फिल्म और टेलीविजन उद्योग में काम करने वाले लोगों की जान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।इस एडवाइजरी का मुख्य उद्देश्य शूटिंग स्थलों पर अनधिकृत लोगों की पहुंच रोकना, कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित हमले या अप्रिय घटना से पहले आवश्यक सावधानी बरतना है।


