मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित न्यू पुलिस कॉलोनी में एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। 46 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल मरोल एल में कार्यरत थे। वह पिछले तीन महीनों से पीलिया से पीड़ित थे। उनका पीलिया का इलाज चल रहा था।


इस इलाज के दौरान, पुलिस कांस्टेबल तनाव में थे क्योंकि उनकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ अपने माँ के घर गई हुई थीं। पुलिस कांस्टेबल पिछले तीन-साढ़े तीन महीनों से मरोल एल में काम से भी अनुपस्थित थे। पत्नी और बच्चों के न होने और बीमारी के कारण तनाव में चल रहे पुलिस कांस्टेबल ने कल अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


आत्महत्या करने से पहले, पुलिस कांस्टेबल ने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह बीमारी और अपने परिवार के साथ न होने के कारण तनाव में आकर आत्महत्या कर रहे हैं। फ़िलहाल, अंधेरी पुलिस मामले में एडीआर दर्ज कर आगे की जाँच कर रही है । पुलिस पता लगा रही है कि पुलिस कांस्टेबल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
महज चार दिनों के अंतराल में तीन पुलिसकर्मी द्वारा आत्महत्या करने की घटना घटित हुई है।इन लगातार आत्महत्याओं ने पुलिस बल के तनाव और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


