■ विरोध के कारण बंद हुआ था कार्य,टंकी निर्माण से 25 हजार लोगों को पानी किल्लत से मिलेगी निजात
मुंबई वार्ता संवाददाता।भिवंडी

भिवंडी के कोटरगेट इलाके में स्थित अबुल कलाम आज़ाद उद्यान में रुके हुए निर्माणाधीन पानी की टंकी का काम शुरू करने का आदेश नगर विकास विभाग ने मनपा प्रशासन को दी है।हालांकि मनपा जलापूर्ति विभाग का कहना है कि उद्यान की जगह पर निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य पुनः शुरू करने से पहले मनपा टाउन प्लानिंग विभाग से इस संदर्भ में विचार विमर्श करके तथा मंत्रालय के नगर विकास विभाग से परमिशन लेकर ही इस टंकी निर्माण के कार्य को गति प्रदान किया जाएगा।जिसके निर्माण के बाद इस इलाके के 25 हजार लोगों को आगामी 30 वर्षों तक पानी की किल्लत से निजात मिल जाएगी।


भिवंडी शहर के पुराने एसटी, कोटरगेट, तीनबत्ती जैतुनपुरा इलाके के 25 हजार से ज्यादा लोग रहते है।जहां पर पेयजल की भारी कमी है।इस इलाके में तीन दिन में एक दिन मात्र आधे घंटे ही पानी की सप्लाई की जाती है।कभी कभी सुबह 3 बजे के आसपास पेयजल छोड़ा जाता है और पानी का प्रेशर भी कम होता है, जिससे उक्त इलाके में कई घरों में पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं हो पाती है। साथ ही कभी-कभी पेयजल बहुत पहले ही बंद हो जाता है।जिससे यहां की जनता पानी की किल्लत से जूझ रही है।हालांकि स्थानीय लोगों को सुगमता से और भरपूर मात्रा में जलापूर्ति के लिए मौलाना अबुल कलाम आज़ाद उद्यान में 1.5 एमीएलडी छमता वाली पेयजल टंकी के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था।
प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद आजाद मैदान में पानी की टंकी का निर्माण मनपा जलापूर्ति विभाग द्वारा शुरू किया गया था।लेकिन कुछ लोगों द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कार्य उद्यान की जगह में शुरू किए जाने के कारण कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए आंदोलन किया था।जिसके कारण उक्त स्थान पर पानी टंकी का निर्माण रोक दिया गया था। उक्त क्षेत्र की जनता को होने वाली पानी की तकलीफ को देखते हुए पानी की टंकी निर्माण की मांग को लेकर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के संगठन सचिव अनिल गायकवाड़ व समाजसेवक जावेद अली अंसारी ने 04 जुलाई, 2025 को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलकर उन्हें ज्ञापन दिया था।
ज्ञापन द्वारा उक्त इलाके में पानी की गंभीर समस्या से अवगत करते हुए बंद पड़े निर्माणाधीन पानी की टंकी के निर्माण कार्य को पुनः शुरू करने की मांग की थी। उपमुख्यमंत्री के आदेश पर 23 जुलाई 2025 को महाराष्ट्र सरकार की शहरी विकास विभाग ने भिवंडी मनपा के शहरी नियोजन विभाग के सहायक निर्देशक को पत्र भेजकर टंकी के पुनर्निर्माण हेतु उचित कार्रवाई का आदेश दिया था।


4 सितंबर को उक्त दोनों समाजसेवकों ने मनपा आयुक्त अनमोल सागर से मिलकर उन्हें शहरी विकास विभाग द्वारा प्राप्त हुए पत्र से अवगत करते हुए अतिशीघ्र रुके हुए निर्माणाधीन पानी की टंकी का निर्माण कार्य जनसुविधा हेतु पुनः शुरू करने की मांग की।आयुक्त ने अनिल गायकवाड़ व जावेद अंसारी को जल्द ही टंकी निर्माण का कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है।यदि जल्द ही पानी की टंकी मनपा तैयार कर पानी सप्लाई शुरू करती है आने वाले 30 वर्षों तक इस क्षेत्र की जनता को पानी की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
मनपा जलापूर्ति विभाग का कहना है कि कोटर गेट इलाके की बढ़ती लोकसंख्या के मद्देनजर सालों से पानी की तकलीफ को खत्म करने हेतु मनपा द्वारा सौ एमएलडी पानी सप्लाई योजना के तहत आजाद गार्डन के बाजू में पानी की टंकी बनाने की प्लानिंग की थी लेकिन वहां बगीचे का रिजर्वेशन होने की वजह से उस जगह पर पानी की टंकी बढ़ने के लिए और जगह का इस्तेमाल करने के लिए टाउन प्लैनिंग डिपार्मेंट से कानूनी सलाह लेकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।


