मुंबई वार्ता संवाददाता।भिवंडी

दस महीने से फरार चल रहे एक हत्या के आरोपी को शांतिनगर पुलिस इंदौर से धरदबोचा है।जिसने प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला की हत्या कर फरार हो गया था।जिसके हाथ पर बने हाथ पर बने टैटू की शिनाख्त से हत्यारा पकड़ा गया।


शांतिनगर पुलिस स्टेशन के सीनियर पीआई विनायक गायकवाड़ ने बताया कि 28 अक्टूबर 2024 उत्तर प्रदेश के भदोही का रहने वाला आरोपी राजू महेन्द्र सिंह (22) एक महिला की निर्मम हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह मोबाइल फोन बंद कर बार-बार अपना ठिकाना बदलकर बच निकलता जा रहा था। कभी वह उत्तर प्रदेश तो कभी मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छिपकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।आखिरकार शांतीनगर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इंदौर के देवास नाका इलाके में छिपा हुआ है।


जानकारी पुख्ता होने पर पुलिस टीम ने इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की। आरोपी ने खुद को सूरज बताकर पुलिस को धोखा देने की कोशिश की, लेकिन उसके हाथ पर बने टैटू ने उसकी पहचान करकर हत्या का राज खोल दिया।जिसके बाद जाल बिछाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की चौकसी के आगे उसकी सारी चालें नाकाम रहीं। आरोपी को तुरंत भिवंडी लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 8 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में डीसीपी शशिकांत बोराटे, एसीपी सचिन सांगले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़, पुलिस निरीक्षक अतुल अडूरकर और विनोद पाटिल के मार्गदर्शन में एपीआई सुरेश चोपडे, पुलिस हवलदार रिजवान सैय्यद, राजेश पाटिल, निलेश महाले समेत पुलिस की टीम शामिल रही।


