मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

बीमारी से परेशान वसईमे एक ८१ वर्षीय व्यक्ति ने अपनी ७४ वर्षीय पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद, उसने खुद को भी चाकू मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालाँकि, अस्पताल में तुरंत इलाज मिलने के बाद वह बच गया।


वसई पश्चिम के सेंडोर इलाके के कराडी वाडी में बुजुर्ग दंपति अर्पिना परेरा (७४) और गेब्रियल परेरा (८१) अपने बेटे के साथ रहते थे। परेरा दंपति बुढ़ापे के कारण बीमार थे। इस वजह से गेब्रियल अवसादग्रस्त थे। शनिवार रात करीब ८ बजे गेब्रियल के बेटे और बहू रिश्तेदारों के यहाँ रात के खाने पर गए थे। उस समय गेब्रियल ने अपनी पत्नी को चाकू मारा और फिर खुद को भी चाकू मार लिया।कुछ देर बाद, बेटा और बहू घर लौट आए और गंभीर रूप से घायल माता-पिता को अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने अर्पिना को मृत घोषित कर दिया। वसई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालकृष्ण घाडीगांवकर ने बताया कि गैब्रियल परेरा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में वसई पुलिस स्टेशन में गैब्रियल परेरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।


