मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

मुंबई से देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। आर्मी हेडक्वार्टर में कर्नल की केबिन से पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस, चांदी और 3 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। चार दिन की गहन जांच के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 12 ने इस मामले में मालाड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के मुताबिक, आरोपी चोरी को अंजाम देने के बाद गोवा भाग गए थे और वहीं चोरी के पैसों से मौज-मस्ती की। जब वे मुंबई लौटे, तब क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें धर दबोचा।
■ क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कर्नल की पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस, साढ़े चार सौ ग्राम चांदी और 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही चोरी के दौरान इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त किए गए हैं।


🔸 कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने आर्मी हेडक्वार्टर के पिछले हिस्से से अंदर घुसकर चोरी की थी। यह घटना बेहद संवेदनशील क्षेत्र में हुई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
🔸 पेशेवर चोर निकले आरोपीगिरफ्तार आरोपी कुरार इलाके के रहने वाले हैं और पहले भी कई चोरी के मामलों में लिप्त रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि ये पेशेवर चोरों का गैंग है जो लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।


🔸 आगे की जांच डिंडोशी पुलिस को सौंपी जाएगीक्राइम ब्रांच यूनिट 12 की टीम सोमवार को आरोपियों को डिंडोशी पुलिस स्टेशन के हवाले करेगी। अब इस मामले की विस्तृत जांच वहीं से आगे बढ़ाई जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश का खुलासा किया जा सके।यह घटना न केवल मुंबई पुलिस बल्कि देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी चेतावनी का संकेत मानी जा रही है, क्योंकि यह चोरी आर्मी के सुरक्षित क्षेत्र के भीतर की गई है।


