■ सुपारीवाला बिल्डर की लापरवाही।
मुंबई वार्ता संवाददाता

भायखला पश्चिम के हंस रोड इलाके में हबीब मेंशन बिल्डिंग के पुनर्विकास का काम चल रहा है और खुदाई के दौरान पाँच मज़दूर मिट्टी के नीचे दब गए हैं। इमारत की नींव की खुदाई के दौरान हुए हादसे में दो मज़दूरों की मौत हो गई है, जबकि तीन मज़दूर घायल हुए हैं। इस मामले में सुपारीवाला बिल्डर की ओर से लापरवाही किए जाने का आरोप लगाते हुए आदर्श समाज सेवा संघ के अध्यक्ष अफजल खान ने बिल्डर के एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है।


भायखला पश्चिम में हबीब मेंशन बिल्डिंग की नींव की खुदाई का काम चल रहा था। इसी काम के दौरान शनिवार दोपहर मिट्टी के धंसने से एक गंभीर हादसा हो गया। पाँच मज़दूर मिट्टी के नीचे दब गए। इन मज़दूरों को बाहर निकालकर नायर अस्पताल में भर्ती कराया गया।नायर अस्पताल के डॉक्टर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल पाँच मज़दूरों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से दो मज़दूरों को मृत अवस्था में लाया गया। तीन घायलों का इलाज चल रहा है।


डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।मृतकों के नाम राहुल (३०) और राजू (२८) हैं। तीन अन्य, सज्जाद अली (२५), सौबत अली (२८) और लाल मोहम्मद (१८) घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।



दुखद घटना