मशहूर फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता का 59 साल की उम्र में निधन।

Date:

■ मुंबई स्थित घर में गिरने से लगी थी सिर में गंभीर चोट।

मुंबई वार्ता संवाददाता

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता संजय गुप्ता का 59 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह 30 अक्टूबर की देर रात मुंबई स्थित अपने घर में गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों ने उन्हें घर में अचेत अवस्था में पाया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता मुंबई के वर्सोवा इलाके में स्थित अपने आवास पर थे। देर रात उनके साथ यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, लेकिन सभी अपने कमरों में सो रहे थे। सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो उन्होंने संजय गुप्ता को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।इस मामले में वर्सोवा पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है और फोरेंसिक टीम ने भी घर का मुआयना किया है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। परिवार ने भी किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

फिल्म निर्माता और निर्देशक अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के माध्यम से संजय गुप्ता के निधन की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि संजय गुप्ता के घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका निधन हुआ है। उन्होंने उन्हें शानदार कहानीकार, जीवंत व्यक्तित्व और सिनेमा के प्रति समर्पित फिल्मकार बताते हुए इसे फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।

■ ‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ से मिली पहचान

संजय गुप्ता ने वर्ष 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। इस फिल्म में संजय दत्त, आदित्य पंचोली और रवीना टंडन प्रमुख भूमिकाओं में थे। इसके बाद उन्होंने ‘राम शास्त्र’, ‘खौफ’, ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘जिंदा’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।वर्ष 2002 में रिलीज हुई फिल्म ‘कांटे’ उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल रही। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, लकी अली और महेश मांजरेकर ने अभिनय किया था।इसके अलावा उन्होंने ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘जज्बा’, ‘काबिल’, ‘एसिड फैक्ट्री’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों के जरिए बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।

ऋतिक रोशन और यामी गौतम अभिनीत फिल्म ‘काबिल’ भी उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल रही।उनकी हालिया फिल्मों में ‘विस्फोट’ और ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ का नाम शामिल है। ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ वर्ष 2024 में रिलीज हुई थी।संजय गुप्ता के निधन से हिंदी फिल्म उद्योग ने एक ऐसे निर्देशक को खो दिया है, जिन्होंने अपराध, गैंगस्टर और एक्शन फिल्मों के जरिए बॉलीवुड में अपनी विशिष्ट शैली विकसित की थी। उनके निधन पर फिल्म जगत की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

36 साल से फरार स्थायी गैर-जमानती वारंट का आरोपी वडोदरा (गुजरात) से गिरफ्तार।

मुंबई वार्ता संवाददाता एक घटना के अनुसार शिकायतकर्ता (आयु...

पवई में भव्य श्रीराम कथा महोत्सव।

मुंबई वार्ता संवाददाता पवई के बामनडाया पाडा में...