मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

नवी मुंबई के सानपाड़ा इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नामी स्कूल की 13 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल के फिजिकल ट्रेनिंग (पीटी) टीचर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आमिर खान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 दिसंबर की सुबह करीब 6.45 बजे की है, जब स्कूल खुलने ही वाला था। आरोप है कि आरोपी पीटी टीचर ने कक्षा 7 में पढ़ने वाली छात्रा के गाल पर जबरन किस किया। इसके बाद उसने छात्रा को इस घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।जांच में यह भी सामने आया है कि इसी टीचर ने अगस्त 2025 में एक 13 वर्षीय लड़के के साथ मारपीट की थी।


बताया जा रहा है कि यह हमला इसलिए किया गया क्योंकि उस लड़के ने आरोपी का एक संदेश पीड़ित छात्रा तक नहीं पहुंचाया था, जिससे टीचर नाराज़ हो गया था।लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार नाबालिग छात्रा ने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। इसके बाद माता-पिता ने तुरंत सानपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।


