जय सिंह । मुंबई वार्ता

मुंबई के गोवंडी इलाके में एक मामूली विवाद हिंसक रूप ले गया, जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना गोवंडी के रफीक नगर परिसर की है, जहां घर के बाहर बंधी बकरियों के गोबर को साफ करने को लेकर झगड़ा हुआ और पड़ोसी की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शिवाजी नगर पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान मोहम्मद इकबाल शेख के रूप में हुई है, जो आरोपियों का पड़ोसी था।


पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने घर के बाहर दो बकरियां बांध रखी थीं, जिनका गोबर मृतक के घर के सामने फैल गया। इसी बात को लेकर इकबाल शेख ने आरोपियों से जगह साफ करने को कहा। बातचीत के दौरान दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। गुस्से में आकर दोनों भाइयों ने अपनी बेल्ट निकालकर इकबाल शेख के सिर पर बेरहमी से हमला किया। लगातार वार के कारण इकबाल के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे फैजान शेख ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों ने उनके पिता पर बेल्ट से हमला किया, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्ष गवाहों के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।


