■ मुंबई को भ्रष्टाचार से मुक्त कर पारदर्शी प्रशासन देने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध।
■मुंबई महानगरपालिका में भ्रष्ट महायुति के शासन के खिलाफ प्रदर्शनी का उद्घाटन।
मुंबई वार्ता संवाददाता

भ्रष्ट महायुति ने मुंबई महानगरपालिका को पूरी तरह बदहाल कर दिया है। पिछले तीन वर्षों में मुंबईकरों के पैसे की खुली लूट हुई है, लेकिन बदले में नागरिकों को कोई ठोस सुविधाएँ नहीं मिलीं। वर्ष 2017 से 2022 के बीच मुंबई महानगरपालिका का प्रदर्शन मात्र 38 प्रतिशत रहा है। नगर नियोजन, प्रशासन और बुनियादी नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने में भ्रष्ट महायुति पूरी तरह विफल साबित हुई है। मुंबई महानगरपालिका में फैले भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त कर मुंबई को एक पारदर्शी प्रशासन देने के लिए कांग्रेस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह आश्वासन मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने दिया।


मुंबई महानगरपालिका में भ्रष्ट महायुति के कामकाज पर करारा प्रहार करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन राजीव गांधी भवन में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड़ के हाथों किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक असलम शेख, मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस तथा अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।


इस अवसर पर बोलते हुए सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि भ्रष्ट महायुति के हाथों में मुंबई और मुंबई महानगरपालिका दोनों असुरक्षित हो गई हैं। पिछले तीन वर्षों में महानगरपालिका की फिक्स्ड डिपॉजिट में 12 हजार करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई है। वायु प्रदूषण के मामले में मुंबई देश में पहले स्थान पर पहुँच गई है। निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है, जिसका गंभीर असर आम मुंबईकरों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि मुंबईकरों की जीवनरेखा मानी जाने वाली ‘बेस्ट’ लगातार घाटे में जा रही है और यात्रियों पर किराया बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। किराया दोगुना कर दिया गया है। सार्वजनिक परिवहन को कमजोर कर बेस्ट डिपो की जमीनों के निजीकरण की साजिश रची जा रही है। मिठी नदी में करोड़ों रुपये का गाद घोटाला हुआ है। फर्जी MoU के जरिए ठेकेदारों और अधिकारियों ने मिलकर लूट मचाई है। मुंबईकरों की यह लूट अब रुकनी चाहिए, और इसके लिए इस भ्रष्ट महायुति को सत्ता से बाहर करना जरूरी है, ऐसा आह्वान उन्होंने किया।
सांसद वर्षा गायकवाड़ ने आगे कहा कि यदि मुंबई महानगरपालिका में कांग्रेस की सत्ता आती है, तो ‘बेस्ट’ के बेड़े में 6,000 से अधिक नई बसें शामिल की जाएँगी। प्रत्येक मुंबईकर को ‘यूनिवर्सल फ्री हेल्थ कार्ड’ और मुफ्त दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएँगी। बंद पड़ी मराठी स्कूलों को फिर से शुरू कर उनका नवीनीकरण किया जाएगा। मुंबई की जलापूर्ति को बढ़ाकर 5,000 मिलियन लीटर प्रतिदिन किया जाएगा। ‘पथ विक्रेता अधिनियम 2014’ का सख्ती से पालन करते हुए ‘फेरीवाला मुक्त क्षेत्र’ तय किए जाएँगे। निर्माण कार्यों से होने वाले प्रदूषण पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएँगे।
उन्होंने कहा कि बेहतर मुंबई और मुंबईकरों के अधिकारों के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, अगले सप्ताह कांग्रेस और महागठबंधन के सहयोगी दल मिलकर अपना चुनावी घोषणा-पत्र भी जारी करेंगे।



Right